कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, पद्मश्री हंसराज हंस और गायक सरबजीत चीमा ने इस पहल की सराहना की
जालंधर ब्रीज: राष्ट्रीय प्रसारक आकाशवाणी द्वारा बीती शाम जालंधर के के.एल. सहगल मेमोरियल हॉल में विशेष संगीत समारोह ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स – सीजन-1’ का आयोजन किया गया।

इस समारोह में शास्त्रीय संगीत और सुगम संगीत के कलाकारों ने भाग लिया और दर्शकों ने उनकी प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

शास्त्रीय संगीत की श्रेणी के तहत भगता सिंह और चैतन्य शर्मा द्वारा तार शहनाई और वायलिन की जुगलबंदी प्रस्तुत की गई। उनकी सुरीली प्रस्तुति ने दर्शकों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
इस जोड़ी के साथ तबले पर मोहंदीप बावरा और जसकरण सिंह ने संगत की। सुगम संगीत की श्रेणी के तहत चंडीगढ़ के गायक मुकुल गिल ने गजलें और सूफियाना कलाम प्रस्तुत किए।

हजरत गुलाम फरीद का सूफी कलाम ‘अंदर तू है, बाहर तू है, रोम-रोम विच तू’ और ‘तुम्हारे शहर का मौसम बड़ा सुहाना लगे’ तथा ‘मुझे तो कुछ भी पता नहीं है तेरे बाद’ जैसी गजलों को दर्शकों ने खूब पसंद किया। उन्होंने पंजाबी टप्पों के माध्यम से भी दर्शकों के साथ जुड़ाव बनाया, जिसे भरपूर सराहना मिली।

उनके साथ तबले पर गुनवीर सिंह, ढोलक पर प्रदीप कुमार, बांसुरी पर गुरदीप सिंह, गिटार पर चरनजीत ढिल्लों, वायलिन पर अमरजीत सिंह बाली और की-बोर्ड पर नरेश निरमोही ने संगत की।
इसके बाद संजना भोला ने अपनी सुरीली आवाज में लोकगीत ‘जुगनी’ और ‘छल्लदे छल्लदे वाल, मोढ़े रखना काली शाल, तेरियां रीसां कौन करे’ प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। पंजाबी धुनों पर दर्शक मंच के करीब आ गए और उनके साथ नाचने लगे। उनकी खिलखिलाती मुस्कान ने प्रस्तुतियों की रौनक को और बढ़ा दिया।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, पद्मश्री गायक हंसराज हंस और लोक गायक सरबजीत चीमा ने आकाशवाणी जालंधर के उप महानिदेशक (इंजीनियरिंग) रणजीत मीना और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ मिलकर समारोह का उद्घाटन किया। इस दौरान वे विभिन्न वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों और गीतों का आनंद लेते तथा कलाकारों के साथ गुनगुनाते नजर आए। उन्होंने कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना की।
बाद में सभी कलाकारों को गणमान्य हस्तियों द्वारा सम्मानित किया गया।आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों के तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा देशभर में ऐसे संगीत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के युवा संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और भारत की समृद्ध एवं विविध संगीत विरासत का उत्सव मनाना है।

More Stories
जमीनी स्तर पर बुनियादी ढांचे को बढ़ावा और वैश्विक स्तर के आयोजन पंजाब को भारत के खेल पावरहाउस के रूप में स्थापित कर रहे है : मोहिंदर भगत
पंजाब के दो सपूत भारतीय नौसेना में अधिकारी बने; सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बनने वाले महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के कैडेटों की संख्या 200 पहुंची
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. को पी.एच.डी. की डिग्री पूरी होने पर बधाई