जालंधर ब्रीज: स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा उन्हें नवाचार और रचनात्मकता के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुष्पा गुजराल साइंस सिटी द्वारा साइंस फेस्ट 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से संबंधित मॉडल तैयार करने और उनका प्रदर्शन करने के लिए एक उपयोगी मंच प्रदान किया गया। इस अवसर पर पंजाब भर के विभिन्न स्कूलों के 350 से अधिक विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से नवाचार, वैज्ञानिक समझ तथा सामाजिक समस्याओं का समाधान करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के निदेशक डॉ. राजेश ग्रोवर ने कहा कि रचनात्मकता ज्ञान, जिज्ञासा और कल्पनाशीलता से उत्पन्न होती है। जब ये तीनों तत्व आपस में मिलते हैं, तो नवाचार को जन्म देते हैं। उन्होंने बताया कि ज्ञान, उत्सुकता और नए विचारों के माध्यम से ही नई तकनीकों एवं युक्तियों को विकसित करने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि केवल ज्ञान होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर नए अवसरों और संभावनाओं को तलाशना चाहिए।

इस अवसर पर उन्होंने समाज के बेहतर भविष्य के लिए युवाओं को स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने नए विचारों एवं नवाचारों को विकसित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सवाल पूछने से कभी भी झिझकना नहीं चाहिए, भले ही सवाल साधारण या सामान्य ही क्यों न हो। मन में सवालों का उठना और उन्हें पूछना शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक रहने और उभरती हुई नई तकनीकों में रुचि लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इन तकनीकों में स्वास्थ्य सेवाओं, वित्त, विनिर्माण तथा शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
इस अवसर पर साइंस सिटी के उप निदेशक इंजीनियर रितेश पाठक ने साइंस फेस्ट 2026 में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नए विचारों और नवाचारों के साथ आगे आना चाहिए तथा अपनी रचनात्मकता और नवाचार को विकसित करने के लिए साइंस सिटी द्वारा उपलब्ध करवाए गए मंच का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नवीन सोच और नए विचार नए उत्पादों, तकनीकों और अवसरों के विकास के लिए प्रेरक शक्ति के रूप में कार्य करते हैं, जो सतत विकास और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इस अवसर पर एन.आई.टी. जालंधर के विशेषज्ञों डॉ. बलविंदर राज और महेश कुमार साहा की टीम द्वारा मॉडलों का निरीक्षण किया गया।
सरकारी हाई स्कूल, अमीनवाल, मोगा की टीम ने अपने प्रोजेक्ट “360-डिग्री गैस लीकेज डिटेक्शन सिस्टम” के लिए प्रथम पुरस्कार हासिल किया। बी.सी.एम. आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लुधियाना की टीम ने अपने प्रोजेक्ट “हर्नोवार” के लिए दूसरा पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि पुलिस डी.ए.वी.पब्लिक स्कूल, जालंधर की टीम ने अपने प्रोजेक्ट “स्मार्ट पोस्चर बेल्ट” के लिए तीसरा पुरस्कार जीता।स अवसर पर विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया

More Stories
जमीनी स्तर पर बुनियादी ढांचे को बढ़ावा और वैश्विक स्तर के आयोजन पंजाब को भारत के खेल पावरहाउस के रूप में स्थापित कर रहे है : मोहिंदर भगत
पंजाब के दो सपूत भारतीय नौसेना में अधिकारी बने; सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बनने वाले महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के कैडेटों की संख्या 200 पहुंची
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. को पी.एच.डी. की डिग्री पूरी होने पर बधाई