November 27, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पीआईबी और सीबीसी द्वारा जालंधर के सरकारी स्कूल में संविधान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share news

संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक

जालंधर ब्रीज:भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), जालंधर और केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), जालंधर द्वारा आज सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बस्ती शेख, जालंधर में संविधान दिवस मनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के बारे में जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा पीआईबी और सीबीसी के अधिकारियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ ली गई, जिसके माध्यम से देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल दिनेश वर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों से अवगत कराया और इस बात पर जोर दिया कि एक जागरूक नागरिक बनने के लिए अधिकारों की समझ होना बहुत जरूरी है।

इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय, जालंधर से डॉ. सुखदीप सिंह और केंद्रीय संचार ब्यूरो, जालंधर से गुरकमल सिंह ने विद्यार्थियों के समक्ष संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति उनके मौलिक कर्तव्यों जैसे कि राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करना, देश की एकता और अखंडता बनाए रखना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना आदि के बारे में जानकारी दी तथा अपील की कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।

इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में रचनात्मक रुचि पैदा करने और संविधान के प्रति उनकी समझ को और बढ़ाने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता और निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपने कौशल व विचारों के माध्यम से भारतीय संविधान के महत्व को दर्शाया।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल के प्रिंसिपल और समस्त स्टाफ द्वारा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


Share news

You may have missed