November 28, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

जमीनी स्तर पर बुनियादी ढांचे को बढ़ावा और वैश्विक स्तर के आयोजन पंजाब को भारत के खेल पावरहाउस के रूप में स्थापित कर रहे है : मोहिंदर भगत

Share news

कैबिनेट मंत्री ने 43वें सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले की अध्यक्षता की

कहा,पंजाब सरकार प्रदेश की खेल विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध

जालंधर ब्रीज: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि पंजाब तेजी से देश के खेल केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसके पीछे पंजाब सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर खेल बुनियादी ढांचे और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए अपनाई गई सक्रिय पहल है।

कैबिनेट मंत्री ने डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह समेत 43वें ओलंपियन सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के समापन समारोह और फाइनल मैच की अध्यक्षता की। यह फाइनल मुकाबला पंजाब पुलिस और सीएजी दिल्ली के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में दोनों टीमों ने खिताब जीतने के लिए रोमांचक मैच खेला।

सभा को संबोधित करते हुए भगत ने जोर दिया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने प्रदेश में पहली बार ‘एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी’ की सफल मेजबानी करके सफलता की एक नई कहानी लिखी है। यह एक ऐसा मील का पत्थर है, जिसने पंजाब को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए विश्व मानचित्र पर मजबूती से स्थापित कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि भगवंत मान सरकार ने युवाओं को जमीनी स्तर पर खेलों से जोड़ने के लिए प्रदेश भर में 3,000 से अधिक खेल मैदानों का निर्माण सुनिश्चित किया है।

‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ के व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह पंजाब के प्रमुख खेल आयोजनों में से एक के रूप में उभरा है, जिसमें हर आयु वर्ग के लाखों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। इसी तरह प्रदेश की नई खेल नीति ने उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहतर और नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों ने पंजाब को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना दिया है। इसके साथ ही श्री भगत ने उन पारंपरिक खेलों को संरक्षित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जो लंबे समय से ग्रामीण पंजाब की पहचान रही है।

उन्होंने महान ओलंपियन सुरजीत सिंह की याद में पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से लगातार यह टूर्नामेंट करवाने के लिए सोसाइटी की सराहना भी की। ओलंपियन सुरजीत सिंह भारत के प्रसिद्ध फुल-बैक खिलाड़ी थे और 1975 में विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, जिनका 7 जनवरी 1984 को एक सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया था।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बड़ी नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया है और साथ ही उन्हें प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्त भी किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने फाइनल मुकाबले में पहुंचे खिलाड़ियों से बातचीत की और उन व्यक्तियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इससे पहले डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, जो ओलंपियन सुरजीत हॉकी सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं, ने स्टेडियम पहुंचने पर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा पंजाबी लोक नृत्य भांगड़ा और गिद्धे की प्रस्तुति दी गई, जबकि प्रसिद्ध पंजाबी गायक सब्बा ने अपनी लाइव प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


Share news

You may have missed