August 20, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पत्र सूचना कार्यालय, जालंधर ने अमृतसर में ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया

Share news

जालंधर ब्रीज: पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) चंडीगढ़ की जालंधर शाखा द्वारा ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन अमृतसर में किया गया, जिसमें विशेष रूप से अमृतसर के पत्रकार शामिल हुए। इस मीडिया कार्यशाला में “केंद्र सरकार की योजनाओं की जनकल्याण में भूमिका” विषय पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा पत्रकारों के साथ चर्चा की गई।

कार्यशाला के दौरान ‘अमृतसर में नेशनल हाईवे बुनियादी ढांचे के विस्तार में नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया की भूमिका’ विषय पर चर्चा करते हुए जसप्रीत, मैनेजर टेक्नोलॉजी (एनएचएआई), अमृतसर ने बताया कि एनएचएआई पीआईयू अमृतसर के सड़क बुनियादी ढांचे से संबंधित करीब 595 किलोमीटर के करीब 5,668 करोड़ रुपये की लागत के 12 प्रोजेक्ट चल रहे हैं और 9 प्रोजेक्टों का कार्य पूरा हो चुका है। जसप्रीत ने बताया कि नेशनल हाईवे पर सफर करते हुए किसी भी प्रकार की इमरजेंसी सहायता के लिए नेशनल हाईवे हेल्पलाइन 1033 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, अमृतसर से डॉ. अमरदीप सिंह, जिला मास शिक्षा एवं सूचना अधिकारी ने “नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) की योजनाओं की जनकल्याण में भूमिका” विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यदि देश के लोग स्वस्थ होंगे तो देश की प्रगति में वे अपना पूरा योगदान दे सकेंगे। डॉ. अमरदीप ने कहा कि इसके तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नेशनल हेल्थ मिशन के अंतर्गत भारत सरकार की कई योजनाएं हैं। उन्होंने बताया कि जिला अमृतसर में 178 हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिक हैं, जो गांवों में सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल हेल्थ मिशन के तहत जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना और टीकाकरण सहित अनेक कार्यक्रम लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

परमिंदर सिंह सैणी (स्टेट अवार्डी), जिला गाइडेंस काउंसलर (सेवानिवृत्त) ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली पूंजी उसके युवा हैं, इसलिए खासकर युवा वर्ग का नशों से मुक्त होना बहुत जरूरी है। श्री सैणी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ‘विकसित भारत’ का विजन इसी युवा शक्ति की असीम क्षमता पर टिका हुआ है। यदि हम नशों के विरुद्ध छेड़ी गई जंग को एक व्यापक जन-आंदोलन बनाकर हर घर-घर तक पहुंचाएं, तो हम वर्ष 2047 की निर्धारित समय-सीमा से बहुत पहले ही भारत को एक आत्मनिर्भर, खुशहाल और विकसित महाशक्ति के रूप में स्थापित कर सकते हैं।

‘भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं’ के बारे में जानकारी साझा करते हुए सुश्री अपर्णा शर्मा, चीफ जिला लीड मैनेजर, अमृतसर ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आम नागरिकों की वित्तीय सुरक्षा के लिए चलाई जा रही प्रमुख बीमा एवं पेंशन योजनाओं के नियम जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 18-70 वर्ष की आयु के लोग ₹20 वार्षिक पर ₹2 लाख का दुर्घटना बीमा ले सकते हैं। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 18-50 वर्ष की आयु के लिए ₹436 वार्षिक पर ₹2 लाख का जीवन बीमा मिलता है। अटल पेंशन योजना के तहत 18-40 वर्ष के नागरिक 60 वर्ष के बाद ₹1,000 से ₹5,000 मासिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी किस्त आयु के अनुसार निर्धारित होती है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ निकटतम बैंक या डाकघर से लिया जा सकता है। इसके अलावा सुश्रीअपर्णा द्वारा साइबर सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी गई।

इंद्रजीत सिंह, जिला लोक संपर्क अधिकारी, अमृतसर ने पीआईबी के वार्तालाप कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सरकार और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने में अधिक सार्थक होती हैं।

इस अवसर पर पीआईबी जालंधर के मीडिया एवं संचार अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह ने कार्यशाला में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. विक्रम ने कहा कि ‘वार्तालाप’ सरकारी योजनाओं और पहलों से संबंधित सूचना के प्रभावी प्रसार, बेहतर समन्वय और संवाद के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। डॉ. विक्रम ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन आने वाले विभिन्न संगठनों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने पत्र सूचना कार्यालय के तहत रिसर्च यूनिट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीआईबी की वेबसाइट पर प्रकाशित होने वाली सामग्री से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सटीक आंकड़े प्राप्त किए जा सकते हैं।

इस अवसर पर डॉ. सुखदीप सिंह, सूचना सहायक ने कार्यशाला में पहुंचे पत्रकारों, वक्ताओं और कार्यशाला का आयोजन करने वाली पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित चर्चा में सक्रिय भागीदारी ने इस कार्यशाला को और भी सार्थक बनाया है। उन्होंने कहा कि यह विचार-विमर्श मीडिया के माध्यम से आम लोगों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगा।


Share news

You may have missed