जालंधर ब्रीज: गुरु नानक जयंती व प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पंजाब प्रवास के दौरान ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। इस पवित्र अवसर पर उन्होंने गुरु घर में अरदास कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा संगत के साथ मिलकर सेवा कार्य में भाग लिया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार सुबह कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी स्थित इस पावन गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। गुरु नानक जयंती के इस विशेष दिन परिसर में प्रवेश करने के पश्चात उन्होंने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और संगत के बीच बैठकर पावन गुरुबाणी का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने सिख परंपरा और मर्यादा के अनुरूप गुरु घर की सेवा में अपना योगदान दिया। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से केंद्रीय मंत्री को पारंपरिक रूप से सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

दर्शन और सेवा के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी आध्यात्मिक अनुभूति साझा की। अपने संबोधन की शुरुआत ‘सतनाम वाहेगुरु, वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष के साथ करते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से उनकी इच्छा थी कि सुल्तानपुर लोधी की उस पावन धरा के दर्शन करें, जहां बाबा गुरु नानक देव जी ने 14 वर्ष, 9 महीने और 13 दिन तपस्या की, पवित्र बेईं नदी में अलोप होकर पुनः प्रकट हुए और मानवता को ‘एक ओंकार’ का उद्घोष दिया। आज उनकी वह साध पूरी हुई है और वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

गुरु साहिब की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि बाबा गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ के माध्यम से यह संदेश दिया है कि परमात्मा एक है और हम सब उसी की संतान हैं। उन्होंने कहा कि हमें गुरु साहिब के तीन मूल संदेशों- ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड चखो’ से सीधा नाता जोड़ना चाहिए। इसका अर्थ है कि हम ईमानदारी से मेहनत कर अपनी आजीविका चलाएं, जो कुछ भी है उसे मिल-बांट कर खाएं, आपस में प्रेम, स्नेह व भाईचारा बनाए रखें तथा मां, बहन और बेटी का सदैव सम्मान करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में ही दुनिया की समस्त समस्याओं का समाधान निहित है और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सिख धर्म के अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक स्थलों में से एक है। धार्मिक मान्यताओं और इतिहास के अनुसार, प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी ने इसी पावन भूमि पर स्थित बेर (बेरी) के वृक्ष के नीचे बैठकर ईश्वर की आराधना की थी, यहीं उन्हें आत्मज्ञान की प्राप्ति हुई थी और यहीं से उन्होंने संपूर्ण मानवता को जोड़ने वाले ‘मूल मंत्र’ का प्रथम बार उच्चारण किया था। गुरु नानक जयंती व प्रकाश पर्व के इस शुभ दिन तपोभूमि पर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने गुरु साहिब के मानवता, आपसी भाईचारे और निःस्वार्थ सेवा के संदेशों को नमन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

More Stories
अपनी डूबती सियासी नैया बचाने के लिए फिर साथ आए शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी
गुरुपर्व के पावन अवसर पर भाजपा-अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में नए युग की शुरुआत, 2027 में बनेगी भाजपा-अकाली दल की सरकार: राकेश राठौर
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने संस्थान की प्रगति एवं अस्पताल की सुविधाओं की समीक्षा की,आमजन से उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील