November 24, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अकाली-भाजपा गठबंधन राजनीतिक अवसरवाद की पराकाष्ठा-बलबीर सिंह सिद्धू

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरदार बलबीर सिंह सिद्धू ने शिरोमणि अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी के बीच दोबारा हुए गठबंधन को राजनीतिक अवसरवाद की पराकाष्ठा और पंजाबियों के साथ बड़ा धोखा करार दिया है। उन्होंने कहा कि आखिरकार बिल्ली थैले से बाहर आ ही गई है। पिछले छह वर्षों से एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करके लोगों को गुमराह करने वाली दोनों पार्टियों का राजनीतिक ड्रामा अब बेनकाब हो गया है।

सिद्धू ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि कल तक भाजपा को पंथ विरोधी, पंजाब विरोधी और सिखों की सर्वोच्च संस्थाओं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) तथा तख्त श्री हजूर साहिब के मामलों में दखल देने वाली पार्टी बताने वाले सुखबीर बादल अब बताएं कि भाजपा अचानक पंजाब और सिख हितैषी कैसे बन गई? उन्होंने आरोप लगाया कि सुखबीर बादल ने अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल को दोबारा केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दिलाने और सत्ता की भूख मिटाने के लिए 700 किसानों की शहादतों को कुचल दिया है।

उन्होंने कहा कि न तो अभी तक किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी मिली है, न ही बंदी सिंहों को रिहा किया गया है और न ही भाई बलवंत सिंह राजोआना की सजा माफ हुई है।

पंजाब के बुनियादी अधिकारों का जिक्र करते हुए पूर्व मंत्री ने सवाल किया कि क्या इस समझौते से पहले भाजपा ने चंडीगढ़ पंजाब को सौंपने, रिपेरियन सिद्धांत के अनुसार पंजाब को उसके पानी का अधिकार देने, बीबीएमबी और पंजाबी भाषी क्षेत्रों के मुद्दों पर अपना पंजाब विरोधी रुख बदल लिया है?

सिद्धू ने भाजपा को भी घेरते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के बड़े-बड़े दावे करने के बाद अब आंतरिक सर्वेक्षणों में अपनी कमजोर स्थिति देखकर भाजपा को दोबारा अकाली दल की बैसाखी का सहारा लेना पड़ा है। उन्होंने अकाली दल को चेतावनी दी कि भाजपा ने हमेशा अपने क्षेत्रीय सहयोगी दलों जैसे बीजेडी, जेडीयू, शिवसेना और इनेलो को कमजोर करके खत्म किया है। यह गठबंधन अकाली दल के लिए राजनीतिक कब्र साबित होगा।

सिद्धू ने संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़ी किसान संगठनों—बीकेयू (कादियां) और बीकेयू (लखोवाल) से भी सवाल किया कि जिन संगठनों ने हाल ही में बादल दल को बिना शर्त समर्थन दिया था, क्या वे अब अकाली-भाजपा गठबंधन का भी समर्थन करेंगे या किसान हितों की रक्षा करते हुए अपना समर्थन वापस लेंगे? उन्होंने कहा कि पंजाब के जागरूक लोग आगामी चुनावों में इस अपवित्र गठबंधन को करारी शिकस्त देंगे।


Share news