November 24, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

खेड़ां वतन पंजाब दियां: आशा सैनी ने शूटिंग में फिर जीता गोल्ड मेडल

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार की ओर से आयोजित ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत मोहाली में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में आशा सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। राज्य स्तरीय श्रेणी की यह अंतिम प्रतियोगिता थी। इससे पहले अक्टूबर माह में मोहाली जिला स्तर पर आयोजित 10 मीटर शूटिंग प्रतियोगिता में भी आशा सैनी गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

न्यू चंडीगढ़ के इकोसिटी-1 की निवासी आशा सैनी पंजाब पुलिस मुख्यालय के लीगल सेल में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शूटिंग में बेहतर प्रदर्शन और तकनीकी दक्षता हासिल करने के लिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच बाबू राम के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया है। इसके साथ ही वह लगातार शूटिंग रेंज में अभ्यास करती रही हैं।

नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अभ्यास के लिए समय निकालने के सवाल पर उन्होंने बताया कि बेहतर प्रदर्शन के लिए खाली समय और छुट्टियों के दिनों में भी नियमित रूप से कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। विभाग में नौकरी शुरू करने के समय से ही वह लगातार शूटिंग का अभ्यास कर रही हैं।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुलदीप सिंह सैनी की पत्नी आशा सैनी ने बताया कि मोहाली में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर गोल्ड मेडल जीतना उनके लिए गर्व का क्षण है। उल्लेखनीय है कि जुलाई माह में पंजाब राइफल शूटिंग एसोसिएशन की ओर से मोहाली में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया था।

गौरतलब है कि पंजाब सरकार की ओर से ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ (सीजन-4) का आयोजन 5 सितंबर से 29 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है।


Share news