जालंधर ब्रीज: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अपनी मुहिम के तहत पी.आर.टी.सी. डिपो बठिंडा में तैनात कंडक्टर नरेंद्र सिंह उर्फ लाडी को 20,000 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तहसील तलवंडी साबो, जिला बठिंडा के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता पीआरटीसी डिपो बठिंडा में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है और वह अपना बस रूट बदलवाना चाहता था।
इस संबंध में आरोपी केवल कृष्ण, फिटर इंचार्ज बस स्टैंड गोनियाना और कंडक्टर नरेंद्र सिंह उर्फ लाडी ने बस रूट बदलने के बदले शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह किसी भी प्रकार की रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके चलते उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा से संपर्क किया।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी कंडक्टर को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत मांग रहा था।
इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सह-आरोपी फिटर केवल कृष्ण को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।

More Stories
लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाला
आयकर विभाग (इंटेलिजेंस एवं क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन) निदेशालय, चंडीगढ़, द्वारा नए आयकर अधिनियम, 2025 एवं नए आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन