November 23, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने संस्थान की प्रगति एवं अस्पताल की सुविधाओं की समीक्षा की,आमजन से उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील

Share news

जालंधर ब्रीज: एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय की अध्यक्षता में संस्थान की इंस्टीट्यूट बॉडी (आईबी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कार्यकारी निदेशक प्रो. अशोक पुराणिक ने सदस्यों को स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना के विकास, संकाय एवं मानव संसाधन की उपलब्धता तथा संस्थान की भविष्य की विस्तार योजनाओं में हुई प्रगति से अवगत कराया। बैठक में संस्थान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा संस्थान को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक प्राथमिकताओं की समीक्षा की गई।

प्रो. डॉ. संजय ने समन्वित प्रयासों, कुशल प्रशासन, गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नई दिल्ली में “आपदा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा” विषय पर सेमिनार आयोजित करने की एम्स गुवाहाटी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल आपदा से निपटने की तैयारी, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

बैठक के उपरांत प्रो. डॉ. संजय ने कार्यकारी निदेशक प्रो. अशोक पुराणिक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं चिकित्सा अधिकारियों तथा संकाय सदस्यों के साथ अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा सेवाओं, रोगी देखभाल सुविधाओं तथा आधारभूत संरचना की समीक्षा की। उन्होंने संस्थान में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले बाह्य रोगियों (ओपीडी) एवं भर्ती होने वाले आंतरिक रोगियों (आईपीडी) की संख्या में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है।

इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में कार्डियक सर्जरी (हृदय शल्य चिकित्सा) एवं गैस्ट्रो सर्जरी (पेट एवं पाचन तंत्र संबंधी शल्य चिकित्सा) सेवाओं का शुभारंभ होना उल्लेखनीय है। इन सेवाओं के प्रारंभ होने से असम सहित संपूर्ण पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों को विशिष्ट एवं उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की एम्स गुवाहाटी की क्षमता और मजबूत हुई है।

प्रो. डॉ. संजय ने आमजन से अपील की कि वे एम्स गुवाहाटी में उपलब्ध विशिष्ट एवं उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने दोहराया कि संस्थान समाज के सभी वर्गों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि परिसर में जन औषधि एवं अमृत फार्मेसी की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से मरीजों को सस्ती एवं किफायती दवाइयां मिल रही हैं। इसके अतिरिक्त मरीजों के तीमारदारों के ठहरने के लिए भी परिसर में आवास की व्यवस्था की गई है।

प्रो. डॉ. संजय ने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान के नेतृत्व, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्रशासनिक कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से एम्स गुवाहाटी भविष्य में अपनी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा पूर्वोत्तर भारत में स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के एक अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित होगा।


Share news

You may have missed