November 24, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

गुरुपर्व के पावन अवसर पर भाजपा-अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में नए युग की शुरुआत, 2027 में बनेगी भाजपा-अकाली दल की सरकार: राकेश राठौर

Share news

जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने गुरुपर्व के पावन एवं ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने के लिए हुए गठबंधन का जोरदार स्वागत करते हुए इसे पंजाब की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल सहित दोनों दलों के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राकेश राठौर ने कहा कि गुरुपर्व के पवित्र अवसर पर लिया गया यह फैसला पंजाब के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भाजपा और अकाली दल का गठबंधन केवल दो राजनीतिक दलों का समझौता नहीं, बल्कि पंजाब की तरक्की, हिंदू-सिख एकता, आपसी भाईचारे, शांति और खुशहाली के लिए एक मजबूत राजनीतिक संकल्प है। दोनों पार्टियों का पुराना अनुभव, संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं की मेहनत 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगी।

उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने बड़े विश्वास के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। चुनाव से पहले किए गए बड़े-बड़े वादे और गारंटियां धरातल पर दिखाई नहीं दे रही हैं। नशे का कारोबार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, दिनदहाड़े हो रही आपराधिक वारदातें, युवाओं में बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और उद्योगों का प्रदेश से पलायन जैसे गंभीर मुद्दे पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस पंजाब को आम आदमी पार्टी ने नशा मुक्त, अपराध मुक्त और खुशहाल बनाने का वादा किया था, आज उसी पंजाब में आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। सरकार विज्ञापनों और राजनीतिक प्रचार में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। पंजाब की जनता अब भाषण नहीं, जवाबदेही और परिणाम चाहती है।

राठौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी को अब समझ लेना चाहिए कि पंजाब की जनता को गुमराह करके ज्यादा समय तक सत्ता नहीं चलाई जा सकती। 2027 का विधानसभा चुनाव पंजाब की दिशा और दशा बदलने वाला चुनाव होगा। भाजपा और अकाली दल मिलकर प्रदेश के हर वर्ग, हर समुदाय और हर क्षेत्र तक पहुंचेंगे तथा जनता के विश्वास के साथ पंजाब में मजबूत और स्थिर सरकार बनाएंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और भाजपा-अकाली दल के साझा प्रयासों से पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 में पंजाब की जनता के आशीर्वाद से भाजपा-अकाली दल गठबंधन ऐतिहासिक जीत हासिल करेगा और प्रदेश में भाजपा-अकाली दल की सरकार बनाकर पंजाब को फिर से तरक्की, अमन-शांति और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ाएगा।


Share news

You may have missed