जालंधर ब्रीज: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार अलग-अलग अवैध हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान नौ अवैध पिस्तौलों, 1.313 किलोग्राम हेरोइन और 60,000 रुपये की ड्रग मनी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन लाल (42) निवासी गांव चीचा, अमृतसर; मनजीत सिंह उर्फ बीटा (33) निवासी गांव हेर, अमृतसर; जसबीर सिंह उर्फ बॉबी (24) और गुरलाल सिंह (26), दोनों निवासी अटारी, अमृतसर; शुभम भंडारी (32) निवासी ग्वाल वाली, अमृतसर; गुरभेज सिंह उर्फ भेजा (33) निवासी राजासांसी, अमृतसर तथा पवनदीप सिंह उर्फ साहिल (18) निवासी गांव नौशहरा ढल्ला, तरनतारन के रूप में हुई है।

आरोपियों के कब्जे से बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक 9 एमएम पीएक्स5 स्टॉर्म, चार .30 बोर और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 13 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर आपराधिक तत्वों को आगे आपूर्ति करने के लिए अवैध हथियार और नशीले पदार्थ उपलब्ध करवाते थे। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा अवैध हथियारों और नशा तस्करी के व्यापक नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से मामले की आगे-पीछे की कड़ियों की गहन जांच की जा रही है।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रोशन लाल को 1.313 किलोग्राम हेरोइन और 60,000 रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में थाना छेहरटा की पुलिस टीमों ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मनजीत सिंह उर्फ बीटा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसी तरह तीसरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने जसबीर सिंह उर्फ बॉबी, गुरलाल सिंह और शुभम भंडारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए।
सीपी ने बताया कि चौथे ऑपरेशन में थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से तीन मामले थाना छेहरटा में दर्ज हैं। पहला मामला एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-बी, 21-सी, 27-ए और 29 के तहत एफआईआर नंबर 282, दिनांक 12.11.2026 है। दूसरा मामला आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 25(6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 289, दिनांक 16.11.2026 तथा तीसरा मामला भी आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 25(6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 291, दिनांक 18.11.2026 के तहत दर्ज किया गया है। चौथा मामला थाना रणजीत एवेन्यू में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 173, दिनांक 20.11.2026 को दर्ज किया गया है।

More Stories
भगवंत मान सरकार ने पी.आर.टी.सी. के आउटसोर्स कर्मचारियों को ठेके (कॉन्ट्रैक्ट) के अधीन लाने की ऐतिहासिक प्रक्रिया शुरू की: हरपाल सिंह चीमा
27 नवंबर को रात 8 बजे होगी सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज
खेड़ां वतन पंजाब दियां: आशा सैनी ने शूटिंग में फिर जीता गोल्ड मेडल