जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने लुधियाना जिला के विधानसभा हलका रायकोट से पार्टी के उम्मीदवार हाकम सिंह ठेकेदार और हलका दाखां से उम्मीदवार के.एन.एस. कंग के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। लोगों को आम आदमी पार्टी की नीतियों और गतिविधियों से अवगत कराते हुए सिसोदिया ने लोगों को पार्टी के दोनों उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताकर आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।
रविवार को मनीष सिसोदिया पंजाब के चुनावी दौरे पर थे। उन्होंने लुधियाना के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने बारी-बारी से अकाली दल और कांग्रेस को मौके दिए, लेकिन कोई भी पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने आमजन से अपील की कि एक मौका आम आदमी पार्टी को देकर देखें। हमने दिल्ली में काम किया है, पंजाब में और भी बेहतर काम करके दिखाएंगे।
सिसोदिया ने पंजाब की लचर कानून व्यवस्था के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पंजाब का युवा नशा माफिया का जकड़ में हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुधारेगी और नशा माफिया को जड़ से खत्म कर युवाओं को रोजगार के नए अवसर देगी।
आप नेता ने कहा कि लोग मुझे बता रहे हैं कि अकाली दल और कांग्रेस पार्टी के नेता लोगों को खूब पैसा बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सारा पैसा जनता के टैक्स का लूटा हुआ पैसा है। दोनों पार्टियों ने बारी-बारी से पंजाब के सरकारी खजाने को लूटकर अपनी तिजोरियां भरी हैं। सिसोदिया ने लोगों से कहा कि अगर कांग्रेस और अकाली दल पैसा दे तो मना मत करना,ले लेना लेकिन वोट आम आदमी पार्टी को ही देना।
सिसोदिया ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। लोग 20 फरवरी को झाड़ू का बटन दबाकर आम आदमी पार्टी को जिताएंगे और आप की ईमानदार सरकार बनाएंगे। आप की सरकार इन भ्रष्ट पार्टियों के भ्रष्ट नेताओं द्वारा लूटे गए जनता के पैसे को वापस लाएगी और सरकारी खजाने को भरकर लोगों को सुविधाएं देगी। उन्होंने कहा कि विकास के लिए एक मौका आम आदमी पार्टी को दें। अगर पांच साल में काम नहीं किया तो अगली बार वोट मत देना।

More Stories
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निरंतर प्रधानमंत्री कार्यकाल पर गुरुद्वारा साहिब लुधियाना में अरदास
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित