जालंधर ब्रीज: उम्र के इस पड़ाव पर भी उत्साह और उमंग में कोई कमी नहीं है। किसी ने गीत गुनगुनाकर महफिल सजाई तो किसी ने गिद्दा और समूह नृत्य से रंग जमाया। तंबोला के रोमांच ने भी खूब हंसाया-गुदगुदाया। मौका था सेक्टर-20 स्थित कम्युनिटी सेंटर में एबी सीनियर सिटिजन वेलफेयर एसोसिएशन की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह का। बुजुर्गों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेकर इस दिन को यादगार बना दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बंसल ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, आपसी मेलजोल और मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक साल पहले इस संस्था की शुरुआत की गई थी। वर्षगांठ समारोह में क्षेत्रीय पार्षद तरुणा मेहता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने एसोसिएशन की ओर से बुजुर्गों को एक मंच पर जोड़ने और उनके लिए सक्रिय एवं खुशनुमा माहौल तैयार करने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर एसोसिएशन की कार्यकारिणी के सदस्यों को उनकी सेवाओं और योगदान के लिए सिरोपा एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक गिद्दा और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने पंजाबी संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की, वहीं एकल गायन ने महफिल में सुरीलेपन का रंग भर दिया। तंबोला के खेल ने भी कार्यक्रम में मनोरंजन और रोमांच का तड़का लगाया।
सदस्यों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से साबित किया कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन का हर पड़ाव उत्साह के साथ जिया जा सकता है। पूरे समारोह के दौरान हंसी-खुशी और आपसी अपनत्व का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ।
अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बंसल ने मुख्य अतिथि तरुणा मेहता का समारोह में पहुंचने और एसोसिएशन के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए आभार व्यक्त किया।

More Stories
समय रहते तैयारी से टल सकती है आपदा की बड़ी त्रासदी: डॉ. संजय
नीतिगत विचार-विमर्श को आकार देने और जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन को मजबूत करने के लिए 450 से अधिक जिलों से 13,500 से अधिक विचार-विमर्श
पी.एस.पी.सी.एल. द्वारा की जाएगी 450 क्लर्कों की भर्ती; 2500 अपरेंटिसों को दिया जाएगा तकनीकी प्रशिक्षण : बिजली मंत्री सौंद