जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी(आप) पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने रविवार को गुरदासपुर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों बटाला, कादियां और श्री हरगोविंदपुर के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार किया। यहां उन्होंने बटाला से आप उम्मीदवार शैरी कलसी, कादियां से उम्मीदवार जगरुप सिंह सेखवां और श्री हरगोविंदपुर से आप प्रत्याशी एडवोकेट अमरपाल सिंह के पक्ष में प्रचार किया और लोगों से झाड़ू का बटन दबाकर आप उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।
लोगों में भगवंत मान के प्रति काफी उत्साह का माहौल था। भारी संख्या में मान को देखने और सुनने के लिए लोग पहुंच रहे थे और जगह-जगह उनका स्वागत कर रहे थे। लोगों को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि 20 फरवरी का दिन पंजाब की किस्मत बदलने का दिन है। यह दिन भ्रष्टाचार और माफिया से छुटकारा पाने का दिन है। पंजाब की जवानी और किसानी बचाने का और अपने बच्चों का भविष्य बचाने का दिन है। मान ने लोगों से अपील की 20 फरवरी को बिना किसी के बहकावे में आए पंजाब को बचाने के लिए वोट करें।
मान ने कहा कि पंजाब के लोग पिछले 50 सालों से अकाली-भाजपा और कांग्रेस से धोखा खा रहे हैं। इस बार पंजाब के लोग धोखा नहीं खाएंगे। पहले लोगों के पास अच्छा विकल्प नहीं था, इसलिए वे अकाली-भाजपा से तंग आकर कांग्रेस को वोट देते थे और कांग्रेस से तंग आकर अकाली को चुनते थे। दोनों पार्टियों ने मिलकर पंजाब को लूटा और लोगों के पैसे से अपने घर की तिजोरी भरी। इस बार लोगों के पास आम आदमी पार्टी के रुप में अच्छा और ईमानदार विकल्प मिल गया है। इस बार लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे और कांग्रेस-अकाली की लूट और भ्रष्टाचार से छुटकारा पाएंगे।
मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों की आशाओं और उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरेगी। आप सरकार आम लोगों की सरकार होगी। हम आम लोगों की समस्याएं दूर करेंगे और उनकी शुशहाली लौटाएंगे। हम पंजाब की जवानी, किसानी और व्यापारी को बचाएंगे। नौजवानों को अच्छी शिक्षा और रोजगार देंगे। किसानों को फसलों के वाजिम दाम देंगे। फसलों का उत्पादन बढ़ाएंगे और समय पर फसलों का भुगतान करेंगे। व्यापारी वर्ग की समस्याएं खत्म करने के लिए रेड राज और इंस्पेकटर राज को पूरी तरह खत्म करेंगे। पंजाब के विकास के लिए एक स्थिर और ईमानदार सरकार की जरूरत है। हमें सिर्फ एक मौका दें। हम आपको निराश नहीं करेंगे।

More Stories
समय रहते तैयारी से टल सकती है आपदा की बड़ी त्रासदी: डॉ. संजय
पहली वर्षगांठ पर बुजुर्गों ने गीत-संगीत और नृत्य से सजाई शाम
नीतिगत विचार-विमर्श को आकार देने और जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन को मजबूत करने के लिए 450 से अधिक जिलों से 13,500 से अधिक विचार-विमर्श