जालंधर ब्रीज: शामचौरासी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने गांव लम्मे से गांव संधमा को जोड़ने वाली लिंक सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। यह सड़क लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी होगी और इसके निर्माण पर कुल 51 लाख रुपए की लागत आएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अधूरी पड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह सड़क वर्षों से कच्ची थी और बरसात के मौसम में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब यह सड़क पक्की बनने से आवागमन तो सुगम होगा ही, साथ ही व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी आसान हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह लिंक सड़क दो ज़िलों को जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे क्षेत्रीय तालमेल और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। यह परियोजना ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गांववासियों ने सड़क निर्माण की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से यह सड़क उपेक्षित रही, जिससे ग्रामीण विकास की रफ्तार थमी हुई थी। अब इस पहल से बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक ले जाने में सुविधा होगी।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के सभी गांवों तक पक्की सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीण जनता को बेहतर जीवनस्तर मिल सके। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य समयबद्ध व गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।इस मौके पर परमिंदर सिंह, सुरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह, भूपिंदरपाल सिंह और मास्टर अमरजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, कुलविंदर कौर के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।

More Stories
लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाला
आयकर विभाग (इंटेलिजेंस एवं क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन) निदेशालय, चंडीगढ़, द्वारा नए आयकर अधिनियम, 2025 एवं नए आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन