July 10, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

नशे के खिलाफ युद्ध, पंजाब सरकार लोक लहर के साथ नशे का सफाया करके दम लेगी – धालीवाल

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए युद्ध को आज कपूरथला जिले की विलेज डिफेंस कमेटियों, वार्ड डिफेंस कमेटियों के हजारों सदस्यों, सरपंचों, पंचों, नंबरदारों और कौंस्लरों ने कैबिनेट मंत्रियों कुलदीप सिंह धालीवाल, लाल चंद कटारूचक और मोहिंदर भगत की उपस्थिति में इसे जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

रेल कोच फैक्ट्री-सुल्तानपुर रोड पर आयोजित विशाल समारोह के दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने घोषणा की कि वे पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ शुरू की गई लड़ाई को हर गांव, कस्बे और गली-मोहल्ले तक ले जाएंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि ‘पंजाब सरकार लोगों के सहयोग से नशे का सफाया करके ही दम लेगी।’

उन्होंने बताया कि ‘7 मई से पूरे पंजाब में नशा मुक्ति यात्रा शुरू होगी, जो रोजाना प्रत्येक ब्लॉक के 3 गांवों में जाकर लोगों को नशे की रोकथाम के लिए लामबंद करेगी।’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार पूरी दृढ़ता के साथ नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशे की सप्लाई लाइन तोड़ने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि ‘नशा तस्करों द्वारा काली कमाई से बनाए गए महलों को ढहा दिया जाएगा।’

उन्होंने हजारों लोगों को नशा विरोधी मुहिम का हिस्सा बनने और नशा तस्करों की किसी भी प्रकार की सहायता न करने की शपथ दिलाई।

खाद्य और सिविल सप्लाई मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि ‘पंजाब सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ उदाहरणीय कार्रवाई करने के साथ-साथ 55,000 युवाओं को मैरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं, जिससे युवाओं में उम्मीद की किरण जगी है।’

उन्होंने कहा कि लोग नशा विरोधी मुहिम में अग्रणी भूमिका निभाएं, तभी इस सामाजिक बुराई को खत्म किया जा सकता है।

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि ‘आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम को जमीनी स्तर पर लोगों के सहयोग से और प्रभावी ढंग से चलाकर राज्य से जल्द ही नशे का कलंक हटा दिया जाएगा।’

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि ‘पंजाब के पास न तो अतिरिक्त पानी है और न ही पंजाब का एक बूंद पानी भी किसी को दिया जाएगा।’

उन्होंने कहा कि ‘पंजाब सरकार राज्य के कीमती संसाधन पानी की रक्षा के लिए हर संभव प्रशासनिक, कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी।’

उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘पंजाब के पानी की रक्षा के लिए चाहे हमें जेलें भरनी पड़ें, लेकिन राज्य का एक बूंद पानी भी किसी को नहीं दिया जाएगा।’

नशा छुड़ाओ केंद्रों में बैड क्षमता बढ़ाने के बारे में उन्होंने घोषणा की कि ‘जो भी नशा छोड़ना चाहता है, उसे समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।’ उन्होंने बताया कि पंजाब भर में नशा छुड़ाओ केंद्रों में 5,000 बैड की क्षमता बढ़ाई गई है।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल, एसएसपी गौरव तूरा ने जिला प्रशासन द्वारा नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ नशा विरोधी जागरूकता मुहिम को और मजबूत किया जाएगा।

इस अवसर पर पटियाला से आई तमाशा आर्ट्स की टीम द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने वाला नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन ललित सकलानी, नगर सुधार ट्रस्ट कपूरथला के चेयरमैन और सुल्तानपुर लोधी से हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा, डायरेक्टर जल संसाधन विभाग और भुलत्थ से हलका इंचार्ज हरसिमरन सिंह घुम्मन, फगवाड़ा से आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता हरनूर सिंह हरजी मान, नशा मुक्ति मोर्चा के जिला कोऑर्डिनेटर प्रदीप थिंद, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नवनीत कौर बल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) वरिंदरपाल सिंह बाजवा, एसपी गुरप्रीत सिंह और अन्य उपस्थित थे।


Share news

You may have missed