जालंधर ब्रीज: पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने गांवों के विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य भर के 500 गांवों में नए पंचायत घर और कॉमन सर्विस सेंटर बनाए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि यह पंचायत घर न केवल गांव की प्रशासकीय गतिविधियों का केंद्र होंगे, बल्कि इनमें डिजिटल सुविधाओं से लैस कॉमन सर्विस सेंटर भी होंगे, जहां निवासियों को जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पेंशन, बिजली बिल, ऑनलाइन फॉर्म और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मान सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि लोगों को सरकारी कामों के लिए दूर-दूर न जाना पड़े। यह परियोजना डिजिटल पंजाब के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के बुनियादी ढांचे, सफाई व्यवस्था, सड़कों, स्ट्रीट लाइटों और पीने के पानी की सप्लाई में भी बड़े सुधार कर रही है।
उन्होंने कहा कि मान सरकार की ऐसी पहल पंजाब के गांवों को आधुनिक, सुविधाजनक और समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

More Stories
नेत्रहीन व्यक्तियों के लिए छठी इंद्रिय के माध्यम से तकनीकी शिक्षा
‘सतलुज’ फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने में भाजपा की कोई भूमिका नहीं; लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक : सरदार रवनीत सिंह
जालंधर के मेयर विनीत धीर की माता जी की रस्म क्रिया 6 जुलाई को श्री देवी तालाब मंदिर में