जालंधर ब्रीज: 2004-05 के धान खरीद सीजन में घटिया चावल को ग्रेड-A बताकर खरीदने का मामला; मोहाली की CBI अदालत ने दोषियों को 1 से 3 साल तक कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई
पंजाब में वर्ष 2004-05 के चावल खरीद घोटाले में मोहाली की विशेष सीबीआई अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए भारतीय खाद्य निगम (FCI) के 14 अधिकारियों और 16 निजी राइस मिल मालिकों सहित कुल 30 आरोपियों को दोषी करार देकर सजा सुनाई है। अदालत ने सभी दोषियों को आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोपों में दोषी पाया। वहीं, FCI के 14 अधिकारियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत भी दोषी ठहराया गया है। अदालत ने दोषियों को एक से तीन साल तक कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है।
यह मामला खरीफ सीजन 2004-05 के दौरान FCI अधिकारियों और निजी राइस मिल मालिकों के बीच कथित आपराधिक साजिश से जुड़ा है। आरोप था कि पंजाब के संगरूर जिले के मलेरकोटला, सुनाम और तपा स्थित FCI केंद्रों पर घटिया गुणवत्ता वाले चावल को ग्रेड-A चावल बताकर स्वीकार किया गया। इससे राइस मिल मालिकों को अनुचित भुगतान हुआ और भारतीय खाद्य निगम को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सितंबर 2005 में संयुक्त औचक जांच के दौरान इन अनियमितताओं का पता लगाया था। चावल के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच के दौरान पुष्टि हुई कि संबंधित खेप निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरती थीं। इसके बाद सीबीआई ने 7 जनवरी 2006 को मामला दर्ज किया। जांच पूरी होने पर 28 नवंबर 2008 को तीन अलग-अलग आरोपपत्र दाखिल किए गए थे।
मलेरकोटला केंद्र से जुड़े मामले (CC No. 59/2017) में अदालत ने पांच FCI अधिकारियों और पांच निजी राइस मिल मालिकों सहित कुल 10 आरोपियों को दोषी ठहराया।
FCI के तत्कालीन टेक्निकल असिस्टेंट वरिंदर राजपूत, गिरधारी लाल और के.पी. सिंह तथा तत्कालीन असिस्टेंट मैनेजर (क्वालिटी कंट्रोल) रौनक अली और आर.एन. शर्मा को दो-दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
निजी राइस मिल मालिकों में M/s शिव शक्ति राइस एग्रो प्रोडक्ट्स के पार्टनर हरीश कुमार और रजनीश कुमार तथा M/s आर.के. एग्रो टेक के पार्टनर राकेश गोयल को तीन-तीन साल के कठोर कारावास और 25-25 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी गई। इसी फर्म शिव शक्ति राइस एग्रो प्रोडक्ट्स के पार्टनर रमेश सिंगला और M/s सत करतार राइस एंड एग्रो मिल्स के पार्टनर नरिंदर कुमार को दो-दो साल की कैद और 20-20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
सुनाम केंद्र से जुड़े मामले (CC No. 60/2017) में तीन FCI अधिकारियों और तीन निजी राइस मिल मालिकों सहित कुल छह आरोपियों को सजा सुनाई गई।
FCI के तत्कालीन असिस्टेंट मैनेजर (क्वालिटी कंट्रोल) आर.सी. वर्मा तथा टेक्निकल असिस्टेंट सोम पाल सिंह और के.एल. गुलाटी को दो-दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
निजी राइस मिल मालिकों में M/s महावीर राइस मिल्स के पार्टनर केवल कृष्ण को एक साल के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा मिली। वहीं, M/s के.सी. राइस मिल्स के पार्टनर हरि राम और जीवन लाल को दो-दो साल की कैद और 20-20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
तपा केंद्र से जुड़े मामले (CC No. 66/2017) में छह FCI अधिकारियों और आठ निजी व्यक्तियों सहित कुल 14 आरोपियों को दोषी करार दिया गया।
FCI के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर (क्वालिटी कंट्रोल) गुरमेल सिंह, असिस्टेंट मैनेजर (क्वालिटी कंट्रोल)
आर.एस. सिरोही तथा टेक्निकल असिस्टेंट रमेश कुमार, हरिंदर सिंह, हरीश कुमार और सतनाम सिंह को दो-दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
निजी व्यक्तियों में M/s बंसल राइस मिल्स के पार्टनर बुध राम, सुखानंद राइस उद्योग समिति के चेयरमैन प्रदीप शर्मा और M/s गंगा राइस मिल्स के मालिक भूषण कुमार को तीन-तीन साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी गई।
इसके अलावा M/s जय ज्वाला राइस मिल्स के पार्टनर विनोद कुमार, धालीवाल राइस उद्योग समिति के सचिव भारत भूषण, M/s लक्ष्मी राइस मिल्स के पार्टनर अशोक कुमार और सुरिंदर कुमार तथा M/s बी.आई.डी. राइस मिल्स के पार्टनर रमेश कुमार को दो-दो साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
इस फैसले के साथ ही वर्ष 2004-05 के चावल खरीद घोटाले से जुड़े तीनों केंद्रों के मामलों में कुल 30 आरोपियों को सजा हुई है।

More Stories
2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज: राकेश राठौर
गुजरात के एकता नगर में पीआईबी चंडीगढ़ ने किया भारत पर्व का किया दौरा
बाजवा ने ‘ईमानदार सीएम’ अभियान को लेकर आप सरकार को घेरा, भगवंत मान के नैतिक अधिकार पर उठाए सवाल