जालंधर ब्रीज: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रहे अभियान के तहत गैर-कानूनी हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए कपूरथला पुलिस ने जग्गा फुकीवाल फिरौती गिरोह के तीन गुर्गों को नौ देसी पिस्तौलों और जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को यहां दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमनदीप उर्फ अमन निवासी ताशपुर, सुल्तानपुर लोधी, हरजीत सिंह उर्फ जीता निवासी खानपुर ढड्डा, नकोदर, (जालंधर) और लवप्रीत उर्फ बाबा निवासी मोहल्ला बगीची, जमशेर, (जालंधर) के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी अमनदीप सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में जग्गा फुकीवाल फिरौती गिरोह का सक्रिय सदस्य है और गोलीबारी तथा जबरन वसूली की घटनाओं को अंजाम देने के लिए स्थानीय गिरोहों को हथियार पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आरोपियों के नेटवर्क और कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे जांच जारी है, ताकि पूरे गैर-कानूनी हथियार नेटवर्क को निष्क्रिय किया जा सके।
ऑपरेशन से संबंधित विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने मुख्य आरोपी अमनदीप को कपूरथला के लिंक रोड तलवंडी महिमा से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चार पिस्तौल बरामद किए थे।
पूछताछ के दौरान आरोपी अमनदीप ने बताया कि उसने अपने साथियों लवप्रीत उर्फ बाबा और हरजीत सिंह उर्फ जीता को दो पिस्तौल सप्लाई किए थे। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से एक .32 बोर का देसी पिस्तौल और एक .315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया।
एसएसपी ने बताया कि अमनदीप से और पूछताछ करने पर उसके घर में दबे तीन और देसी पिस्तौल बरामद हुए। जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर मध्य प्रदेश से देसी हथियार खरीदकर आपराधिक तत्वों को आगे सप्लाई करते थे।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले-एफआईआर नंबर 254, दिनांक 15.11.2025, पुलिस स्टेशन सदर कपूरथला में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत और एफआईआर नंबर 270, दिनांक 2.11.2025, बीएनएस की धाराओं 109, 61(2), 111 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत पुलिस स्टेशन सुल्तानपुर लोधी में दर्ज किये गये हैं।

More Stories
लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाला
आयकर विभाग (इंटेलिजेंस एवं क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन) निदेशालय, चंडीगढ़, द्वारा नए आयकर अधिनियम, 2025 एवं नए आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन