लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन संसदीय मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी: एन के वर्मा
जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेताओं एवं लगभग एक हजार कार्यकर्ताओं ने आज राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों तथा संसद की कार्यवाही में लगातार पैदा किए जा रहे गतिरोध के विरोध में चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने का प्रयास किया।

भाजपा कार्यकर्ता सेक्टर-15, चंडीगढ़ में एकत्रित हुए, जहां से प्रदेश अध्यक्ष श्री केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया गया। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के महासचिव परमिंदर बराड़ एवं राकेश राठौर, लीगल सेल के इंचार्ज एन.के. वर्मा, पंजाब सचिव राकेश शर्मा, वरिष्ठ नेता के.डी. भंडारी, संजीव खन्ना, मोहाली जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, सुखविंदर सिंह गोल्डी, रणजीत सिंह गिल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जैसे ही प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय के निकट पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और सभी प्रमुख नेताओं सहित अनेक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर-11 पुलिस स्टेशन ले जाया गया। कुछ समय बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस लगातार संसद की कार्यवाही को बाधित कर लोकतांत्रिक संस्थाओं के सुचारु संचालन में अवरोध उत्पन्न कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा में सहयोग देने के बजाय कांग्रेस लगातार हंगामा और टकराव की राजनीति कर रही है। हाल के दिनों में शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर भी संसद में तीखी राजनीतिक खींचतान देखने को मिली, जिसके कारण सदन की कार्यवाही कई बार प्रभावित हुई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्ष को लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, किंतु प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग तथा संसद की कार्यवाही को बाधित करना देश की संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रवैया लोकतांत्रिक संवाद के बजाय टकराव की राजनीति को बढ़ावा देता है और इससे देश के महत्वपूर्ण विधायी कार्य प्रभावित होते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय गरिमा की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा देशहित के मुद्दों पर कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। वहीं लीगल सेल के इंचार्ज एन.के. वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन संसदीय मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

More Stories
एस.आई.आर.-2026: सी.ई.ओ. पंजाब द्वारा घर-घर गणना चरण को समय से पहले पूरा करने के लिए ई.आर.ओज़. का सम्मान
5000 रुपये रिश्वत लेते हुए सीनियर सहायक को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने किया गिरफ्तार
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की के सम्मान में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित