October 31, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में ‘साडा पिंड’ बना आकर्षण का केंद्र

Share news

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने हॉकी प्रेमियों को हमारे समृद्ध संस्कृति और रिवाजों की झलक देखने के लिए ‘साडा पिंड’ का दौरा करने का दिया न्योता

जालंधर ब्रीज: नागरिकों को अपनी जड़ों से जोड़ने की एक अनोखी पहल के रूप में, जालंधर जिला प्रशासन द्वारा चल रही ‘हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ के दौरान बरलटन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में ‘साडा पिंड’ स्थापित किया गया है। पंजाब की समृद्ध ग्रामीण विरासत की झलक दिखाने के लिए तैयार किया गया यह सांस्कृतिक केंद्र, बहुत ही कम समय में लोगों में आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर बराड़ ने आज ‘साडा पिंड’ का दौरा किया, जहां उन्होंने वहां आए लोगों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल पारंपरिक पंजाबी जीवन को बहुत ही वास्तविक तरीके से पेश करता है और ग्रामीण घरेलू माहौल की झलक यहां आने वालों को मंत्र-मुग्ध कर देती है। इस प्रदर्शनी में ग्रामीण जीवन की विशेष झलकियां देखने को मिलती हैं, जिनमें हाथ से बुने देसी मंजे, बारीक कढ़ाई, गेहूं स्टोर करने वाले पारंपरिक ढांचे, विरासती कुआं, दीवारों पर की गई रंग-बिरंगी कलाकारी और हॉकी के गौरवशाली इतिहास को समर्पित एक विशेष दीवार शामिल है।

इस उपक्रम के पीछे मौजूद सोच पर प्रकाश डालते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह गांव युवाओं, खासकर शहरी आबादी के लिए, अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से फिर से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि पंजाब के समृद्ध विरासत से रू-ब-रू होने के लिए सैकड़ों लोग, जिनमें स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी भी शामिल है, रोजाना यहां आ रहे हैं।

क्षेत्रीय विरासत और खेलों के बीच गहरे संबंध पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह हॉकी पंजाबी संस्कृति में गहरी रची-बसी है, उसी तरह किसी अंतरराष्ट्रीय खेल मुकाबले के दौरान एक आम गांव के इस चित्रण ने चैंपियनशिप में एक अलग और यादगार रंग भर दिया है।


Share news