June 14, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

खगोल विज्ञान ओलंपियाड ओरिएंटेशन-कम-सिलेक्शन कैंप (OCSC) 2025 का आयोजन IISER मोहाली में

Share news

खगोल विज्ञान ओलंपियाड ओरिएंटेशन कम सिलेक्शन कैंप 2025

जालंधर ब्रीज:अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी ओलंपियाड (IOAA) 2025 के लिए भारत की प्रतिनिधि टीम के चयन हेतु ओरिएंटेशन-कम-सिलेक्शन कैंप (OCSC) का आयोजन इस वर्ष IISER मोहाली में किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित कैंप होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (HBCSE-TIFR), मुंबई द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, लेकिन इस वर्ष HBCSE स्वयं IOAA 2025 की मेजबानी कर रहा है, जिसके कारण चयन व प्रशिक्षण की ज़िम्मेदारी IISER मोहाली को सौंपी गई है।

इस कैंप का उद्देश्य देशभर से चयनित प्रतिभाशाली छात्रों को खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी के सिद्धांतों व तकनीकों में प्रशिक्षण देना और उनकी समझ का आकलन करना है। चयनित छात्रों को व्याख्यान, ट्यूटोरियल, टेलीस्कोप सेटअप व संचालन, और रात्रिकालीन आकाशीय अवलोकन जैसे सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

भारतीय राष्ट्रीय खगोल विज्ञान ओलंपियाड (INAO) के माध्यम से लगभग 500 छात्रों में से कुल 54 छात्रों का चयन OCSC के लिए हुआ, जिनमें से 37 छात्र इस बार OCSC में भाग ले रहे हैं। ये छात्र ग्रुप A (कक्षा 12) और ग्रुप B (कक्षा 10 व 11) से शीर्ष प्रदर्शनकर्ताओं में शामिल हैं।

OCSC के आयोजन में केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा, महेंद्रगढ़; थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पटियाला; IIT कानपुर; अशोका विश्वविद्यालय, सोनीपत; केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल, शाहपुर और IISER मोहाली के खगोलविदों की एक टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई है। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन इन संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ-साथ रमन रिसर्च इंस्टिट्यूट, बेंगलुरु और इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, बेंगलुरु के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया।

OCSC के समापन पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 5 सदस्यीय टीम की घोषणा 11 जून 2025 को प्रातः 9:30 बजे, IISER मोहाली के LH6, लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में की जाएगी। इस अवसर पर अशोका विश्वविद्यालय, सोनीपत के प्रोफेसर दीपांकर भट्टाचार्य एक विशेष व्याख्यान देंगे। इसके पश्चात इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स (IAPT) द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पदक प्रदान किए जाएंगे। OCSC में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों की भी घोषणा की जाएगी।


Share news

You may have missed