October 14, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

एडवोकेट एन.के. वर्मा को तीसरी बार मिली भाजपा लीगल सेल पंजाब की जिम्मेदारी

Share news

जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी पंजाब ने 13 अक्टूबर को विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों की नियुक्तियों की घोषणा की। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता एन.के. वर्मा को तीसरी बार भाजपा पंजाब के लीगल सेल का संयोजक नियुक्त किया गया है। पार्टी के इस निर्णय को उनके लगभग 30 वर्षों के संगठनात्मक अनुभव और कानूनी क्षेत्र में योगदान के प्रति विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

इन नियुक्तियों पर भाजपा पंजाब के प्रभारी सतीश पुनिया, सह-प्रभारी वरिंदर सचदेवा एवं अलका गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों तथा संगठन महामंत्री श्रीनिवासलु ने विचार-विमर्श के बाद सहमति बनाई।

एडवोकेट वर्मा वर्ष 2008 में भाजपा लीगल सेल, मोहाली के संयोजक बने थे और वर्ष 2020 में उन्हें पंजाब स्तर पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई। अब पुनः नियुक्ति के साथ उन्हें तीसरी बार लीगल सेल के संयोजक का दायित्व मिला है। उन्होंने पार्टी के कानूनी मामलों, चुनावी प्रक्रियाओं, न्यायालयों में पैरवी तथा कार्यकर्ताओं को कानूनी मार्गदर्शन देने में योगदान दिया है। उनके अनुसार, उन्हें सुप्रीम कोर्ट, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तथा अन्य अदालतों में पार्टी से संबंधित मामलों की पैरवी करने का अवसर मिला है।

पेशे से पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के अधिवक्ता श्री वर्मा पंजाब सरकार की ओर से हाई कोर्ट में सीनियर डिप्टी एडवोकेट जनरल के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नामित सदस्य तथा मोहाली पुलिस एडवाइजरी कमेटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य भी रहे हैं।

भाजपा में वे पंजाब प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य हैं। इसके अलावा, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जोनल इंचार्ज, रोपड़ जिले के रिटर्निंग ऑफिसर तथा नशा मुक्त पंजाब यात्रा के दौरान मोहाली जिले के इंचार्ज की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। विधानसभा, लोकसभा और नगर परिषद चुनावों से जुड़े कानूनी एवं संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के निर्वाचन के दौरान भी उन्हें पंजाब की ओर से भागीदारी का अवसर मिला।

पंजाब के अलावा उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव तथा हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में भाजपा के चुनावी कार्यों में योगदान दिया है। भाजपा के विभिन्न वरिष्ठ प्रदेश एवं केंद्रीय नेताओं के साथ काम करने का भी उन्हें अनुभव प्राप्त है।

खरड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नयागांव में एडवोकेट वर्मा लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं। नयागांव नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने 21 में से 16 सीटें जीती थीं। क्षेत्र में उनकी सक्रियता के कारण उनका नाम खरड़ विधानसभा से भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की चर्चा में भी आता रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा ही किया जाएगा।

लगभग तीन दशकों के राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव के साथ तीसरी बार लीगल सेल की जिम्मेदारी मिलना एडवोकेट वर्मा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नई जिम्मेदारी के तहत उनसे पार्टी के कानूनी मामलों के समन्वय, कार्यकर्ताओं को कानूनी सहायता तथा लीगल सेल को और प्रभावी बनाने में योगदान की अपेक्षा रहेगी।


Share news