जालंधर ब्रीज: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर राज्य को नशा-मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए पठानकोट पुलिस ने दो-चरणों में चलाए ऑपरेशन के दौरान एक महिला सहित दो संचालकों को 7.823 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार करके सीमा पार से चल रहे हेरोइन तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरपंथ निवासी गांव वडाला, अमृतसर ग्रामीण और उसकी साथी हरमनजीत कौर निवासी ध्यानपुर, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि इस नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने, वित्तीय लेन-देन की जांच करने और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए डिजिटल और तकनीकी विश्लेषण सहित आगे की जांच जारी है।
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए, वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एसएसपी) पठानकोट मनप्रीत सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, स्पेशल ब्रांच पठानकोट की एक टीम ने संदिग्ध गुरपंथ को काबू किया और उसके पास से 590 ग्राम हेरोइन बरामद की।
उन्होंने बताया कि उससे लगातार की गई पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के बाद, पुलिस टीमों ने सुराग हासिल किए और फतेहगढ़ चूड़ियां में एक किराए के मकान पर छापा मारा। उन्होंने आगे बताया कि इस छापे के दौरान उसकी महिला साथी, हरमनजीत कौर को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 7.233 किलोग्राम और हेरोइन बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 7.823 किलोग्राम हो गई।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सीमा पार संबंधों का खुलासा हुआ और पाकिस्तानी मार्किंग वाली विशेष मोहर लगे पैकेट भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके डिजिटल और तकनीकी संपर्कों की जांच की जा रही है। इसके अलावा नशीले पदार्थों की खेपों से संबंधित वीडियो के साथ-साथ वित्तीय लेन-देन और खातों के विवरण भी सामने आए हैं, जिनसे और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
इस संबंध में थाना सदर, पठानकोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत दिनांक 12.10.2026 को एफआईआर नंबर 155 दर्ज की गई है।

More Stories
मानसा की घटना बहुत दर्दनाक, आप और भगवंत मान सरकार परविंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ खड़ी है: बलतेज पन्नू
श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व: 4,500 स्कूलों के 5.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताओं में लिया भाग: तरुनप्रीत सिंह सौंद
पंजाब में 154 और आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान