April 18, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

महात्मा हंसराज जयंती पर मेहर चंद पॉलिटेक्निक में भव्य टेक्नो फेस्ट का आयोजन

Share news

जालंधर ब्रीज: मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में महात्मा हंसराज के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 अप्रैल को एक भव्य तकनीकी मेले का आयोजन किया गया। इस टेक्नो फेस्ट में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने अपनी कला और तकनीकी ज्ञान के आधार पर वर्किंग और स्टिल मॉडल्स तथा विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में लगभग 50 मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सराहना की।

कार्यक्रम का उद्घाटन म्यूनिसिपल कमिश्नर, जालंधर इंजीनियर संदीप ऋषि, आईएएस द्वारा किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह और विभागाध्यक्षों ने मुख्य अतिथि का फूलों के गुलदस्ते देकर स्वागत किया।

अपने संबोधन में संदीप ऋषि ने कहा कि इतने उच्च स्तर के मॉडल देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि एक पॉलिटेक्निक कॉलेज में भी उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग संस्थानों जैसा कार्य हो रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि यहां तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों की शिक्षा भी दी जा रही है।

इस मौके पर उन मॉडल्स को भी प्रदर्शित किया गया, जिन्होंने साइंस सिटी और विभिन्न टेक फेस्ट प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त किया था, ताकि अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिल सके।

कार्यक्रम का संचालन मैडम प्रीत कंवल ने किया। अंत में प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह और विभागाध्यक्षों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस प्रदर्शनी को 500 से अधिक विद्यार्थियों ने देखा। कार्यक्रम में डॉ. राजीव भाटिया, मैडम रिचा अरोड़ा, प्रिंस मदान, तरलोक सिंह, गौरव शर्मा, विक्रमजीत सिंह, अंकुश शर्मा सहित कई शिक्षक और स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि चयनित प्रोजेक्ट्स को इंटर पॉलिटेक्निक टेक फेस्ट में भेजा जाएगा और उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए इंचार्ज डॉ. राजीव भाटिया एवं पूरी टीम को बधाई दी।


Share news