November 29, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

परगट सिंह पंजाब में नशों के मामले पर दूसरों की ओर उंगली उठाने से पहले हिमाचल की कांग्रेस सरकार से जवाब मांगने का साहस दिखाएं: विजय सांपला

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह द्वारा पंजाब में नशों के मुद्दे पर किए गए ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि परगट सिंह को नशों के मामले में दूसरों की ओर उंगली उठाने से पहले अपने पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार से जवाब मांगना चाहिए।

उन्होंने कहा कि परगट सिंह द्वारा लगाया गया यह आरोप कि ‘डबल इंजन की सरकारों में मेडिकल नशों का उत्पादन हो रहा है और इन्हें दूसरे राज्यों में बेचा जा रहा है’, पूरी तरह झूठा और निराधार है।

सांपला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी, नालागढ़ और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध दवाइयों के निर्माण और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में नालागढ़ में अवैध दवा निर्माण इकाई का पर्दाफाश होना भी गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने परगट सिंह से सीधा सवाल करते हुए कहा कि यदि उनमें सच बोलने का साहस है तो वे हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछें कि उनके राज्य में ऐसी गतिविधियां कैसे चल रही हैं और पंजाब सहित दूसरे राज्यों में नशीली दवाइयों की सप्लाई रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?

सांपला ने कहा कि नशों का मुद्दा राजनीतिक बयानबाजी का नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी के भविष्य का सवाल है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, दोनों को दोहरे मापदंड छोड़कर जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई में कोई राजनीतिक समझौता नहीं होना चाहिए।


Share news

You may have missed