September 2, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

शिखा कुमार के साथ महिला क्रिकेटरों ने बढ़ाया युवा महिला क्रिकेटरों का हौसला, नई प्रतिभाओं को मिली प्रेरणा

Share news

जालंधर ब्रीज: महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (WDPL) का फाइनल अरुण जेटली स्टेडियम में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स और साउथ दिल्ली की टीमों के बीच खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली की उभरती और भावी महिला क्रिकेटरों ने मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) द्वारा आयोजित महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (WDPL) एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहन जेटली और एपेक्स काउंसिल के नेतृत्व में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने तथा महिला DPL जैसे आयोजनों को बढ़ावा देने के प्रयासों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।

युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने और महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) की उपाध्यक्ष शिखा कुमार के साथ विनिती देव (स्वर्गीय श्री सुनील देव की पुत्री) तथा दिल्ली की पूर्व महिला क्रिकेटर अंजलि शर्मा, रेणुका दुआ, सुषमा चौधरी, सावन चड्ढा, रागिनी मल्होत्रा, रजनी, नीरज कपूर, प्रियंका सिसोदिया और सविता भी अरुण जेटली स्टेडियम में मौजूद रहीं और फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।

इस अवसर ने महिला सशक्तिकरण और खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी का एक प्रेरणादायक संदेश दिया। अनुभवी महिला क्रिकेटरों का समर्थन और प्रोत्साहन युवा खिलाड़ियों के लिए सिर्फ उत्साह नहीं, बल्कि अपने सपनों को बड़े मंच तक ले जाने का विश्वास भी है।

आज की ये युवा खिलाड़ी ही कल दिल्ली और भारतीय क्रिकेट की नई पहचान बन सकती हैं। महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे अवसर, प्रोत्साहन और सकारात्मक माहौल बेहद महत्वपूर्ण हैं।


Share news