August 5, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

जालंधर सीआईए स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 100 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Share news

जालंधर ब्रीज: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जालंधर सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों और पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ विशेष मुहिम के तहत की गई।

डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, पीपीएस, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत पुरी, आईपीएस और एसीपी डिटेक्टिव अमरबीर सिंह, पीपीएस की निगरानी में सीआईए स्टाफ जालंधर के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार और उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 को सीआईए स्टाफ की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और नशा तस्करों की तलाश में जमशेर रोड स्थित महक रेस्टोरेंट के नजदीक टी-प्वाइंट पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान गांव धीणा की ओर से दो व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। इनमें से एक युवक के हाथ में छोटा हैंडबैग था, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपनी पीठ पर एक छोटा बैग डाल रखा था।

पुलिस टीम को सामने देखकर दोनों व्यक्ति अचानक घबरा गए और पीछे मुड़कर तेज कदमों से जाने लगे। शक के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान पहले आरोपी ने अपनी पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ एकम पुत्र बलबीर सिंह, निवासी भाइयों वाली गली, चांद डेयरी के नजदीक, ब्यास, जिला अमृतसर के रूप में बताई।

दूसरे आरोपी की पहचान पवित्र सिंह उर्फ लाडी पुत्र संतोख सिंह, निवासी गांव दादूवाल, थाना सदर, जिला जालंधर के रूप में हुई है।

एसीपी डिटेक्टिव अमरबीर सिंह की मौजूदगी में नियमानुसार दोनों आरोपियों के बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों बैगों से कुल 1 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर जालंधर में मुकदमा नंबर 290 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 61 और 85 के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक, नशे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के बारे में जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य नशा तस्करों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


Share news