November 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

सरहद पार से अवैध हथियारों के मॉड्यूल से जुड़े दो व्यक्ति अमृतसर में गिरफ्तार, छह आधुनिक हथियार बरामद

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान एक बड़ी सफलता में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो संचालकों को गिरफ्तार करके पाकिस्तान आधारित तस्करों से जुड़े सरहद पार से चलाए जा रहे अवैध हथियारों के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है और उनके कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (22) निवासी गांव रत्तोके, तरनतारन और सुरजीत सिंह (35) निवासी चेला कॉलोनी, तरनतारन के रूप में हुई है। सुरजीत सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। बरामद किए गए हथियारों में दो जिंदा कारतूसों सहित दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और चार .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम विदेशी हैंडलरों के निर्देशों के तहत अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने में शामिल थे। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में अगले-पिछले संबंधों का पता लगाने के लिए आगामी जांच जारी है।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्ध गुरप्रीत उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से दो जिंदा कारतूसों सहित तीन .30 बोर पिस्तौल और एक ग्लॉक बरामद की। उन्होंने आगे बताया कि लगातार पूछताछ से पता चला है कि आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान-आधारित तस्करों से सीधे संपर्क में थे और गैंगस्टरों को इन हथियारों की सप्लाई करने के लिए अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे, जो कि ड्रोन के माध्यम से आ रही थी।

सीपी ने कहा कि गुरप्रीत उर्फ गोपी के खुलासों के आधार पर पुलिस टीमों ने उसके साथी सुरजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से एक ग्लॉक और एक .30 बोर बरामद किया है। उन्होंने कहा कि जांच से पता चला है कि सुरजीत सिंह एक ही नेटवर्क का हिस्सा होने के नाते विभिन्न स्थानों पर अवैध हथियारों की डिलीवरी में सक्रिय रूप से शामिल था।

इस संबंध में केस थाना इस्लामाबाद, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए) और 25(6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 14 दिनांक 13-01-2026 को दर्ज किया गया है।


Share news

You may have missed