जालंधर ब्रीज: श्री गुरु तेग बहादुर जी की अद्वितीय एवं महान शहादत के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित ऐतिहासिक नगर कीर्तन के स्वागत, सुरक्षा और संपूर्ण व्यवस्थाओं की तैयारी का जायजा लेते हुए डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका जैन ने आज सिविल एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होशियारपुर से गढ़शंकर तक के रुट का विस्तृत निरीक्षण किया।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पिछले सप्ताह जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने बस द्वारा मुकेरियां, दसूहा, गढ़दीवाला, भूंगा एवं हरियाना क्षेत्र के रुट का निरीक्षण किया था। उसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए आज नलोइयां चौक, माता चिंतपूर्णी चौक, गुरुद्वारा मिट्ठा टीवाणा, गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब, प्रभात चौक, फगवाड़ा चौक, घंटा घर चौक, सेशन चौक, माहिलपुर अड्डा, चब्बेवाल, माहिलपुर से होते हुए गढ़शंकर मार्ग का दौरा किया गया ताकि सभी विभाग समय से पहले तैयारियां पूर्ण कर सकें।
उन्होंने बताया कि श्री नगर से आरंभ हुआ नगर कीर्तन 21 नवंबर को पठानकोट से होते हुए जिला होशियारपुर के मुकेरियां में प्रवेश करेगा, जहां नगर कीर्तन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। उसी दिन नगर कीर्तन दसूहा और गढ़दीवाला होते हुए गुरुद्वारा श्री रामपुर खेड़ा में विश्राम करेगा। इसके बाद 22 नवंबर को नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री रामपुर खेड़ा से रवाना होकर भूंगा, हरियाना, होशियारपुर, चब्बेवाल, माहिलपुर और गढ़शंकर के रास्ते श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को रुट की सफाई, सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन के स्वागत में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और सभी केंद्रों पर अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन के स्वागत के लिए विशेष स्वागतीय गेट भी बनाए जा रहे हैं।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिला वासियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित ऐतिहासिक नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए सादर निमंत्रण दिया है।
उन्होंने जिला वासियों को आह्वान किया कि वे श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर कीर्तन में शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनें।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, एस.पी. मेजर सिंह, एस.डी.एम. होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एस.डी.एम. गढ़शंकर संजीव कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप सिंह, संयुक्त कमिश्नर नगर निगम संदीप तिवाड़ी, एक्सीयन लोक निर्माण विभाग गुरमीत सिंह, एक्सीयन पावर कॉरपोरेशन कुलदीप सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

More Stories
गैंगस्टरां ते वार’: ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के दूसरे दिन 1600 से अधिक व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने अमृतसर में पाक-आईएसआई की हिमायत प्राप्त आतंकी साजिश को नाकाम किया; आरडीएक्स आधारित आईईडी सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार 2.0′; जालंधर देहाती पुलिस ने अवैध हथियारों समेत तीन को गिरफ्तार किया