November 5, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026,भारत बड़ी जीत के साथ फाइनल में पहुंचा सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराया

Share news

ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम पहले अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी के साथ वैश्विक खेल मानचित्र पर उभरा

खिताबी मुकाबले के लिए भिड़ेंगे भारत-जापान

जापान ने पेनल्टी शूटआउट में मलेशिया को 5-3 से हराया

कांस्य पदक के लिए मलेशिया और दक्षिण कोरिया होंगे आमने-सामने

फोटो साभार: हॉकी इंडिया

जालंधर ब्रीज: एक बार फिर अपने खेल का लोहा मनवाते हुए भारत ने आज दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराकर सेमीफाइनल के एकतरफा मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

आज ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम, टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन का गौरवशाली गवाह बन गया।

यह पहली बार था जब स्टेडियम ने एक अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी की और खेल जगत के वैश्विक मानचित्र पर अपनी शानदार शुरुआत करने का गौरव हासिल किया।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में वित्त मंत्री पंजाब हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर, मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह, विश्व कप हॉकी विजेता कप्तान अजीतपाल सिंह, असलम शेर खान, जफर इकबाल, ओलंपियन बलबीर सिंह रंधावा, राजिंदर सिंह सीनियर, रानी रामपाल, सरदार सिंह, बलजीत सिंह ढिल्लों, राजपाल सिंह, प्रभज्योत सिंह, दीपक ठाकुर और महान हॉकी खिलाड़ी स्वर्गीय बलबीर सिंह सीनियर के पोते – कबीर सिंह शामिल थे।

अब, भारत 5 नवंबर को इसी स्थान पर होने वाले फाइनल में जापान से भिड़ेगा।

शिलानंद लाकड़ा ने शानदार तरीके से चौथे मिनट में ही फील्ड गोल करके भारत का खाता खोला। लेकिन कोरियाई खिलाड़ियों ने ज्यादा समय नहीं गंवाते हुए 9वें मिनट में संजुन हान के फील्ड गोल से बराबरी कर ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों की ओर से गोलों की बाढ़ आ गई।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 9वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, शिलानंद लाकड़ा ने भी 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया, सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने 21वें मिनट में फील्ड गोल किए। सिर्फ चार मिनट बाद 25वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने फिर फील्ड गोल करके स्कोर 6-1 कर दिया। फिर 36वें मिनट में अंगद बीर सिंह ने फील्ड गोल करके स्कोर 7-1 तक पहुंचा दिया। 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने 8वां फील्ड गोल करके स्कोर 8-1 कर दिया।

एक अन्य दिलचस्प सेमीफाइनल में जापान और मलेशिया दोनों ने बहुत सुंदर खेल का प्रदर्शन किया, पूरे समय के दौरान दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। अंत में, पेनल्टी शूटआउट में जापान ने मलेशिया को 5-3 से हरा दिया।

जापान के लिए काज़ुमासा मात्सुमोतो, र्योमा ओओका, सुबासा तनाका, हारुकी ओचाई और सेरेन तनाका ने गोल दागे।

मलेशिया के लिए एमान रोज़ेमी, शैलो सिल्वेरियस और अबू कमाल अज़राई ने गोल किए।

इससे पहले, चीन ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में 5वां स्थान हासिल किया था। चीन के लिए, यूलाई झाओ ने 10वें मिनट में फील्ड गोल करके स्कोर लाइन खोली। फिर याकी वांग ने 18वें मिनट में फील्ड गोल किया और चीनी कप्तान चोंगकोंग चेन ने 22वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए गेंद विरोधी टीम के गोल पोस्ट में पहुंचा दी। बांग्लादेश के लिए एकमात्र गोल 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से हुआ जो कि शोहानुर मोहम्मद रहमान द्वारा किया गया।


Share news

You may have missed