October 17, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

जालंधर कांग्रेस भवन में सचिन पायलट और नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह का जोरदार स्वागत

Share news

जालंधर ब्रीज: आज पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष सरदार परगट सिंह जालंधर स्थित कांग्रेस भवन पहुंचे। इस अवसर पर वहां मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

इस मौके पर संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब की जनता अब राज्य में बदलाव चाहती है। हम सभी मिलकर मौजूदा सरकार का डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग आज गोलीबारी और गैंगस्टरवाद से बेहद परेशान हैं। पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की सरकार से हर वर्ग दुखी हो चुका है।

सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि पंजाब में गली-गली और मोहल्लों में खुलेआम नशा बिक रहा है तथा सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने के बजाय अपने बेटों की सुरक्षा चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में कोई धरना-प्रदर्शन नहीं होगा, लेकिन आज पंजाब का हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर धरने लगा रहा है। सचिन पायलट ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी।

इस बैठक में पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी रविंदर डलवी, विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, जिला कांग्रेस कमेटी जालंधर शहरी के अध्यक्ष राजिंदर बेरी, विधायक अवतार सिंह जूनियर बावा हेनरी, विधायक सुखविंदर सिंह कोटली, नकोदर के हलका इंचार्ज डॉ. नवजोत सिंह दहिया, करतारपुर के हलका इंचार्ज एवं पूर्व एसएसपी राजिंदर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी सुरिंदर सिंह तथा जालंधर वेस्ट की हलका इंचार्ज सुरिंदर कौर सहित अनेक नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा पार्षद, पूर्व पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के चेयरमैन, सरपंच एवं पूर्व सरपंच, जिला परिषद सदस्य तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहरी और ग्रामीण के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।


Share news