जालंधर ब्रीज: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) सतरूप सिंह तथा थाना साइबर क्राइम, बठिंडा के एसएचओ के रीडर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के पुत्र के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम, बठिंडा में एक मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी एएसआई सतरूप सिंह तथा एसएचओ के रीडर गुरचरन सिंह ने शिकायतकर्ता से उसके पुत्र को गिरफ्तार न करने, उसकी जमानत करवाने में सहायता करने तथा दूसरी पार्टी के साथ समझौता करवाने के एवज में 1,00,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
गैर-कानूनी रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो की फ्लाइंग स्क्वाड-1, एसएएस नगर से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना, एसएएस नगर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

More Stories
अमृतसर में अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के आठ सदस्य 13 पिस्तौल समेत गिरफ्तार
28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित, ग्राहकों को 25 सितंबर तक जरूरी काम निपटाने की सलाह
पंजाब सरकार द्वारा 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को त्योहारी सीजन का तोहफा; भगवंत मान सरकार ने महंगाई भत्ता बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया