June 30, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कृषि क्षेत्र में भारत-रूस सहयोग को सशक्‍त करने के लिए रूस के कृषि मंत्री के साथ की द्विपक्षीय बैठक

Share news

भारत और रूस द्विपक्षीय कृषि व्यापार को बढ़ावा देने, खाद्यान्न और बागवानी निर्यात में नए अवसरों की खोज करने पर सहमत

कृषि अनुसंधान और नवाचार में सहयोग को मजबूत करने के लिए आईसीएआर और फेडरल सेंटर फॉर एनिमल हेल्‍थ, रूस के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

भारत ने ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में रूस को आमंत्रित किया, दोनों पक्षों ने उर्वरक, बीज, बाजार पहुंच और संयुक्त अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई

जालंधर ब्रीज: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि भवन, नई दिल्ली में रूसी संघ की कृषि मंत्री ओक्साना लुट के साथ द्विपक्षीय बैठक की, जिसमें दोनों पक्षों ने मौजूदा सहयोग पर चर्चा की और भविष्य के सहयोग के क्षेत्रों की रूपरेखा तैयार की।

दोनों देशों के मंत्रियों ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-रूस संबंध विश्वास, मित्रता और आपसी सहयोग पर आधारित हैं। चौहान ने बढ़ते द्विपक्षीय कृषि व्यापार पर प्रकाश डाला, जो वर्तमान में लगभग 3.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। उन्होंने और अधिक संतुलित व्यापार की आवश्यकता पर बल दिया और भारतीय आलू, अनार और बीजों के निर्यात से संबंधित लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान के लिए रूस का धन्यवाद किया।

कृषि वस्तुओं का व्यापार बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों ने भारत से खाद्यान्न और बागवानी उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं का पता लगाया।

बैठक के दौरान, कृषि अनुसंधान, नवाचार और क्षमता निर्माण में सहयोग को मजबूत करने के लिए आईसीएआर और फेडरल सेंटर फॉर एनिमल हेल्‍थ, रूस के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने रूसी पक्ष को अगले वर्ष भारत द्वारा आयोजित ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया।

दोनों देशों ने कृषि व्यापार, उर्वरकों, बीजों, बाज़ार पहुंच और संयुक्त अनुसंधान में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई और नवाचार को बढ़ावा देने तथा दोनों देशों के किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सुश्री लुट ने कृषि क्षेत्र में व्यापार बढ़ाने और सहयोग मजबूत करने में गहरी रुचि दिखाई।

कृषि मंत्री के अलावा, रूसी प्रतिनिधिमंडल में डिप्‍टी मिनिस्‍टर श्री मैक्सिम मार्कोविच, डिप्‍टी मिनिस्‍टर मरीना अफोनिना, एफएसवीपीएस के प्रमुख सर्गेई डंकवर्ट और एशिया प्रभाग की निदेशक श्रीमती डारिया कोरोलेवा शामिल थे।

भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एम.एल. जाट और उर्वरक विभाग के सचिव रजत कुमार मिश्र, विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि, कृषि एवं किसान कल्‍याण विभाग के संयुक्त सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी कर रहे थे।


Share news

You may have missed