June 15, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत स्कूल बसों की जांच – 12 स्कूल बसों के काटे गए चालान

Share news

जालंधर ब्रीज: स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत जिला होशियारपुर में स्कूल बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत 16 अप्रैल को ब्लॉक टांडा तथा 20 अप्रैल को ब्लॉक हाजीपुर में विभिन्न स्कूलों की बसों की जांच की गई।

यह जांच पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा जारी निर्देशों तथा डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर के आदेशों के अनुसार की गई। इस दौरान डीएवी स्कूल उड़मुड़ टांडा, विक्टोरिया इंटरनेशनल स्कूल टांडा, पर्ल इंटरनेशनल स्कूल हाजीपुर तथा कोहिनूर इंटरनेशनल स्कूल हाजीपुर की स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान कई बसों में गंभीर कमियां पाई गईं, जिनमें एक्सपायर फर्स्ट एड किट, लेडी अटेंडेंट का अभाव, बिना पासिंग, स्पीड गवर्नर न होना, इमरजेंसी एग्जिट की कमी, अग्निशमन यंत्र का न होना, सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति, बैठने की क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना तथा बीमा की कमी जैसी अनियमितताएं शामिल थीं।

ब्लॉक टांडा में कुल 31 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें नियमों का उल्लंघन करने पर 9 बसों के चालान काटे गए। इस मौके पर जिला बाल सुरक्षा यूनिट की ओर से  रंजीत कौर (सोशल वर्कर), जसविंदर सिंह (केस वर्कर), शिक्षा विभाग से संदीप सिंह, तथा पुलिस विभाग से कुलवंत सिंह एएसआई और दर्शन सिंह एएसआई उपस्थित रहे।

इसी प्रकार ब्लॉक हाजीपुर में कुल 18 स्कूल बसों की जांच की गई और 3 बसों के चालान काटे गए। इस अवसर पर जिला बाल सुरक्षा यूनिट से रंजीत कौर, जसविंदर सिंह, पुलिस विभाग से अनु बडियाल लेडी कांस्टेबल, शिक्षा विभाग से जगदीश सिंह हेडमास्टर, तथा रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी से अभिनेश कुमार सहित पूरी टीम मौजूद रही।

जांच टीम द्वारा विभिन्न स्कूलों में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस पॉलिसी के नियमों की अनदेखी करने वाली बसों में दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा।

टास्क फोर्स ने सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए कि बस चालकों का समय-समय पर मेडिकल चेकअप करवाया जाए, ड्राइवर और अटेंडेंट वर्दी में रहें, तथा छोटे बच्चों की बस में चढ़ने-उतरने के दौरान विशेष सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन बसों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश भी दिए गए।


Share news

You may have missed