April 20, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

माता चिंतपूर्णी मेले से पहले तैयार की जाए होशियारपुर शहर से चौहाल तक की रोड: ब्रम शंकर जिंपा

Share news

जालंधर ब्रीज: कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिंपा ने आज गांव आदवाल में होशियारपुर-चिंतपूर्णी सडक़ के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि माता चिंतपूर्णी मेले शुरु होने से पहले होशियापुर शहर से चौहाल तक की रोड तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को होशियारपुर-चिंतपूर्णी रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सडक़ निर्माण कार्य की क्वालिटी का भी निरीक्षण किया और संतुष्टि जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सडक़ निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ एस.डी.ओ. लोक निर्माण विभाग गुरमीत सिंह भी मौजूद थे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सडक़ के निर्माण को लेकर न सिर्फ अपनी वचनबद्धता दोहराई बल्कि तमाम दिक्कतों को दूर करते हुए इसका निर्माण कार्य भी शुरु करवाया है। उन्होंने कहा कि 17 मई को लोगों को बड़ी राहत देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आदमपुर से 13.74 करोड़ रुपए की लागत वाले जालंधर- आदमपुर-होशियारपुर सडक़ का निर्माण कार्य शुरू करवाया था। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता लोगों की समस्याओं को दूर करना है। उन्होंने कहा कि इस सडक़ के निर्माण के बाद जालंधर शहर से होशियारपुर जाने वाले लोगों और माता चिंतपूर्णी के पवित्र स्थान के दर्शन के लिए जाने वालों और अन्य स्थानों पर पहुंचने वाले राहगीरों को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी।
ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि इस सडक़ का काम शुरु होना दर्शाता है कि पंजाब सरकार लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए कितनी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सडक़ के निर्माण कार्य को पूरा करते समय उच्च गुणवत्ता के मानक का पूरा पालन किया जाएगा और तय समय में सडक़ निर्माण कार्य पूरा होगा।


Share news

You may have missed