September 16, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे को कनाडा से डिपोर्ट किए जाने के बाद हिरासत में लिया

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्कों के खात्मे के लिए शुरू किए गए अभियान के दौरान सीमा पार से संचालित संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए, पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे को कनाडा से डिपोर्ट किए जाने के बाद हिरासत में ले लिया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

पहचाने गए आरोपी करमवीर सिंह, निवासी गांव बहादर के, लुधियाना को एजीटीएफ की टीम ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे, नई दिल्ली पहुंचने पर गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा केंद्रीय एजेंसियों की मदद से जग्गू भगवानपुरिया गैंग के मुख्य गुर्गे और भगोड़े अपराधी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम को मोल्दोवा गणराज्य से हवालगी किए जाने के बाद की गई है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी करमवीर सिंह ने अमेरिका में अनमोल बिश्नोई को लॉजिस्टिक सहायता और छिपने की जगह उपलब्ध करवाई थी। वह थाना स्टेट क्राइम, एस.ए.एस. नगर में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), आर्म्स एक्ट और पासपोर्ट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर में वांछित था।

डीजीपी ने बताया कि एजीटीएफ पंजाब द्वारा 3 सितंबर, 2026 को एक लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था।

अधिक विवरण साझा करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) प्रमोद बान ने बताया कि आरोपी करमवीर सिंह आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियारबंद लूट-खसोट, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कम से कम पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एडीजीपी ने कहा कि उसके संचालन संबंधी संबंधों, गैर-कानूनी फंडिंग स्रोतों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।


Share news