जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने भगवंत मान सरकार द्वारा एक सप्ताह बीत जाने पर भी पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को वेतन ना दिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार ने जान-बूझकर सरकारी कर्मचारियों का वेतन रोक रखा है, जबकि खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनके मंत्री पंजाब के खजाने पर ऐश कर रहे हैं। पंजाब में भाजपा की गठबंधन सरकार के समय हर महीने की 30 तारीख को सरकारी कर्मचारियों के खाते में वेतन डाल दिया जाता था। गुप्ता ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को वेतन ना मिलने से कर्मचारी और उनके परिवार परेशान हैं और कर्मचारियों में रोष की लहर है।
जीवन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब का खज़ाने को लेकर बड़े-बड़े ब्यान दिया करते थे कि खाली तो पीपा होता है, खज़ाना कभी खाली नहीं होता। गुप्ता ने भगवंत मान से सवाल किया कि अब पंजाब के खज़ाने को क्या हुआ है? सरकारी कर्मचारियों का वेतन पंजाब सरकार द्वारा क्यूँ रोका गया है? गुप्ता ने कहा कि भगवंत मान एक कर्ज चुकाने के लिए दूसरा कर्ज लिए जा रहे हैं। इसका स्पष्ट मतलब है कि भगवंत मान सरकार का खज़ाना खाली है। गुप्ता ने कहा कि अगर भगवंत मान द्वारा पहले से कार्यरत्त सरकारी कर्मियों को वेतन नहीं दिया जा रहा तो ऐसे में और सरकारी नियुक्तियां की घोषणाएं किस लिए की जा रही हैं? गुप्ता ने सवाल किया कि भगवंत मान द्वारा पंजाब के विभिन्न विभागों में नए पदों पर होने वाली भर्तियों पर नियुक्त होने वाले कर्मचारियों के वेतन के लिए पैसा कहाँ से आएगा?
जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब की आर्थिक स्थिति को सुधार कर रंगला पंजाब बनाने की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान, केजरीवाल और राघव चड्डा सहित पंजाब सरकार के मंत्रियों की कार्यशैली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी सत्ता चलाने के पांच महीनों से लगातार विभिन्न ब्याज दरों पर कर्ज लिए जा रहे हैं। भगवंत मान ने पिछले 5 महीनों में 12,000 करोड़ रुपए का कर्ज़ लिया है, जबकि पंजाब पहले से करीब 3 लाख करोड़ के कर्ज़ तले दबा हुआ है। उधर मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनके मंत्रियों द्वारा रोज़ाना विज्ञापनों तथा अख़बारों के मुख्य पन्नों पर बड़ी-बड़ी ख़बरें प्रकाशित करवा कर दावा किया जा रहा है कि पंजाब सरकार पंजाब की जनता और कर्मचारियों के हित में काम कर रही है। भगवंत मान सरकार पंजाब की जनता के टैक्स का करोड़ों रुपया अपनी सरकार के झूठे विज्ञापनों में उड़ा रही है, लेकिन प्रदेश के कर्मचारियों को वेतन नहीं दे रही।
जीवन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा केजरीवाल सरकार की तर्ज पर कई तरह के दिल्ली मॉडल पंजाब में लागू करने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे। गुप्ता ने भगवंत मान से सवाल किया कि क्या यही पंजाब में लागू होने वाला दिल्ली मॉडल?

More Stories
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निरंतर प्रधानमंत्री कार्यकाल पर गुरुद्वारा साहिब लुधियाना में अरदास
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित