October 13, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति जालंधर ने हिंदी पखवाड़ा–2026 का पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया

Share news

जालंधर ब्रीज: नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, जालंधर द्वारा आयोजित हिंदी पखवाड़ा समारोह–2026 का समापन समारोह सीमा सुरक्षा बल, जालंधर के रंगशाला में आयोजित किया गया। हिंदी पखवाड़े का आयोजन दिनांक 14 सितंबर, 2026 से 28 सितंबर, 2026 तक किया गया, जिसके अंतर्गत राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, संवर्धन तथा सरकारी कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

समापन समारोह में डॉ० शिवदान सिंह भदौरिया, प्रधान आयकर आयुक्त एवं अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, जालंधर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में डॉ अतुल फुलझेले, भा.पु.से., महानिरीक्षक एवं  कंवलजीत सिंह, उप महानिरीक्षक, फ्रंटियर मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल, जालंधर छावनी की विशिष्ट उपस्थिति रही। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने वाले सदस्य कार्यालयों के प्रमुख भी इस समारोह में उपस्थित रहे। इस पखवाड़े के दौरान 09 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता कार्मिकों को अध्यक्ष, डॉ शिवदान सिंह भदौरिया तथा विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। 

इस अवसर पर नराकास, जालंधर के सदस्य कार्यालयों जिन्होंने हिंदी पखवाड़े के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया उन में फ्रंटियर मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल जालंधर छावनी, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), क्षेत्रीय कार्यालय, मॉडल टाउन जालंधर, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जालंधर, आकाशवाणी जालंधर, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय जालंधर, दूरदर्शन केंद्र जालंधर, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 01 जालंधर छावनी को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में समिति के अध्यक्ष डॉ शिवदान सिंह भदौरिया ने राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन में सभी सदस्य कार्यालयों की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के नियमित एवं सहज प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा संबंधी संवैधानिक प्रावधानों और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

समारोह में हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में सहभागिता, विभिन्न कार्यालयों के पारस्परिक सहयोग तथा राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्साह की सराहना की गई। इस आयोजन ने विभिन्न कार्यालयों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने और हिंदी में कार्यालयीन कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह, सदस्य सचिव, नराकास एवं सहायक निदेशक (राजभाषा), जालंधर तथा उप-समिति के सदस्यों डॉ० बिहारी झा, सुशील कुमार,  प्रमोद कुमार सिंह, नंद किशोर शर्मा, ऋषिता गुप्ता, मोनू मल्लिक की देख-रेख में संपन्न हुआ। समापन राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, संवर्धन एवं सरकारी कामकाज में उसके प्रभावी कार्यान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।


Share news

You may have missed