February 15, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

भारत 2047 से पहले विकसित राष्ट्र बन सकता है – हरदीप पुरी

Share news

जालंधर ब्रीज: केंद्रीय पैट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवास व शहरी मामलों के मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत की वर्तमान आर्थिक विकास दर को देखते हुए लक्ष्य वर्ष 2047 से पहले ही देश एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारत जोकि वर्ष 2014 में दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, अब 3.8 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ 5वां स्थान प्राप्त कर चुका है। केंद्रीय मंत्री ने आगे बताते हुए कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में हमारी अर्थव्यवस्था में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और अगर विकास दर का बढ़ना इसी प्रकार से जारी रहा तो यह कोई बड़ी बात नहीं होगी कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से थोड़े ही समय में चौथी या तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए हमारे विभिन्न क्षेत्र अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यह एक ऐसे देश का संकेत है जो न केवल परिपक्व हुआ है बल्कि मुझे विश्वास है कि 2047 से पहले एक विकसित देश बन जाएगा।

श्री हरदीप सिंह पुरी आज कपूरथला में पुष्पा गुजराल साईस सिटी में आयोजित रोजगार मेले के दौरान सरकारी क्षेत्र में 25 महिलाओं सहित 151 नव नियुक्तों को नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए आए थे। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से 25 नए नियुक्तों को नियुक्ति पत्र सौंपे तथा सभी को राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

ऐसे मेलों की श्रृंखला में यह छठा रोजगार मेला था जिसमें देश में अब तक लगभग 4 लाख नियुक्ति पत्र नए नियुक्तों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दिए जा चुके हैं, जोकि एक साल में 10 लाख सरकारी नौकरी देने का नरेंद्र मोदी के संकल्प की पूर्ति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। आज, पूरे भारत में नए नियुक्त किए गए व्यक्तियों को 70,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

यहां नव नियुक्त व्यक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए श्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अमृतकाल के वास्तविक लाभार्थी वे होंगे जो अभी नौकरी के क्षेत्र में प्रवेश प्राप्त कर रहे हैं। युवाओं द्वारा शुरू किए गए स्टार्ट – अप के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि युवा न केवल नौकरी पाने के लिए बल्कि नौकरी देने के लिए सक्षम होने के लिए भी नौकरी बाजार में प्रवेश कर रहे हैं, जो एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने इस दौरान भारत सरकार की विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं के बारे में भी बताया जो देश के आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में अच्छी  भूमिका निभा रही है।इस दौरान जिलाधीश कैप्टन करनैल सिंह ,  डीएफएस के संयुक्त निदेशक -राघव भट्ट, पीएनबी के जोनल मैनेजर- परवीन गोयल जी पंजाब ग्रामीण बैंक के चेयरमैन जी के नेगी,  पीएनबी सर्कल हैड – हरिंदर पाल सिंह चावला भी उपस्थित रहे ।<


Share news