जालंधर ब्रीज: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कोविड -19 की बेहतर स्थिति को ध्यान में रखते हुए, श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का 17 नवंबर, 2021 से फिर संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। कोविड -19 महामारी के कारण 16 मार्च, 2020 से इस कॉरिडोर को निलंबित कर दिया गया था। श्री करतारपुर साहिब करोड़ों देशवासियों की असीम श्रद्धा का केंद्र है और इस कॉरिडोर का फिर से संचालन शुरू करने का निर्णय सिख समुदाय के प्रति मोदी सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। मोदी सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में सिख तीर्थयात्रियों को फायदा होगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कॉरिडोर का पुनः संचालन शुरू करने के काम में गति लाने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कीं।
श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर से तीर्थयात्रा की सुविधा मौजूदा प्रक्रियाओं और कोविड प्रोटोकॉल के पालन के अनुसार प्रदान की जाएगी।
भारत ने जीरो प्वाइंट, इंटरनेशनल बाउंड्री पर डेरा बाबा नानक में श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के संचालन के तौर-तरीकों पर पाकिस्तान के साथ 24 अक्तूबर 2019 को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस दौरान विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ पंजाब सरकार के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 22 नवंबर 2018 को श्री गुरु नानक देवजी की 550 वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर को पूरे देश और दुनिया भर में भव्य तरीके से मनाने का एक प्रस्ताव पारित किया था।
इस ऐतिहासिक फैसले में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा तक डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के निर्माण और विकास को मंजूरी दी थी ताकि भारत के तीर्थयात्रियों को गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर की यात्रा करने में सुविधा हो और यह यात्रा वर्ष भर सुचारू और सुगम तरीके से चल सके।

More Stories
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबलों के लिए मोहाली तैयार, सेमीफाइनल 4 नवंबर को
अवैध हथियार और नशा सप्लाई नेटवर्क के 11 गुर्गे गिरफ्तार ; 2 हैंड ग्रेनेड, 12 पिस्तौलों सहित 310 ग्राम हेरोइन बरामद
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने निराधार दावों को लेकर चरनजीत सिंह चन्नी की कड़ी आलोचना की; भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में लॉटरी राजस्व में रिकॉर्ड वृद्धि का दिया हवाला