June 17, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

शमशेर सिंह दूलों के टिकट बेचने के आरोपों पर स्पष्टीकरण दे कांग्रेस: हरपाल सिंह चीमा

Share news

जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह दूलों द्वारा लगाए गए आरोपों का स्पष्टीकरण देने के लिए कांग्रेस को चुनौती दी है। चीमा ने दूलों से अपील की कि कांग्रेस के टिकट खरीदने वाले नेताओं के नाम जनता की अदालत में रखें ताकि पंजाब के लोगों को टिकट बेचने वालों और खरीदारों की जानकारी मिल सके।

सोमवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि, ”आखिर कांग्रेस का काला चिट्ठा लोगों के सामने आ गया कि कांग्रेस ने माफियाओं और घोटालेबाजों को टिकट बेचे हैं। यह चिट्ठी किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य शमशेर सिंह  दूलों ने खोला है। दूलों ने दावा किया है कि  हरीश चौधरी (कांग्रेस पंजाब प्रभारी) ने पंजाब में टिकट बेचने की दुकान चलाई है और उन्होंने घोटालेबाजों,माफिया और करोड़पतियों को टिकट बेची हैं।”  पैसे देकर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले घोटालेबाज और माफिया अपने खर्चे वसूलने के लिए तरह-तरह की हथकंडे अपना रहे हैं। यही कारण है कि कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को पंजाब से बाहर भेज दिया है।

चीमा ने शमशेर सिंह दूलों से उन नेताओं के नाम सार्वजनिक करने की अपील की, जिन्हें कांग्रेस ने टिकट बेचे हैं, क्योंकि  पैसे के दम पर टिकट खरीदकर चुनाव लड़ने वाले नेता फिर पैसे लेकर दूसरी पारंपरिक पार्टियों को अपना समर्थन दे देंगे। पंजाब के लोगों को इस बात की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दल घोटालेबाजों, ड्रग माफिया और करोड़पतियों के साथ मिले हुए हुए हैं। इसलिए सत्ता में आने के बाद ये पार्टियां माफियाओं को संरक्षण देती है। जिसका उदाहरण अकाली दल बादल ने 2017 के चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी को वोट डलवा कर पेश किया था और कांग्रेस ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई न कर पेश किया।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वास्तव में अकाली दल की तरह कांग्रेस भी भाजपा की बी टीम है। कांग्रेस भाजपा के साथ मिलकर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से रोकने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है। कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल का मकसद पंजाब समेत देश में सत्ता परिवर्तन की लहर को खत्म करना है।

इसलिए, कांग्रेस उम्मीदवार भारी लाभ के साथ भाजपा के साथ जाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने कांग्रेस, भाजपा और बादलों के पंजाब विरोधी मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में एकतरफा मतदान किया है और सभी  चुनावी सर्वेक्षण भी इसकी पुष्टि कर रहे हैं। लेकिन 10 मार्च के नतीजे और भी चौंकाने वाले होंगे, जो राज्य में आप का झंडा बुलंद करेंगे।


Share news

You may have missed