जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह और गृह मंत्री अमित शाह के बीच हुई मुलाकात को ‘पंजाब के साथ विश्वासघात’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, कैप्टन, भारतीय जनता पार्टी और बादलों ने हमेशा पंजाब विरोधी नीतियों और साजिशों को लागू किया और आगे बढ़ाया है। चीमा ने आरोप लगाया कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन समिति और चंडीगढ़ के मुद्दे पर चन्नी और कैप्टन अमित शाह की मुलाकात एक बहाना है। वास्तव में ये सभी नेता मिलकर पंजाब में आप की सरकार बनने से रोकने के लिए काम कर रहे हैं।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाखड़ा ब्यास बोर्ड और चंडीगढ़ में पंजाब की हिस्सेदारी खत्म करने का मामला काफी समय से चर्चा में है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों की आड़ में केंद्र की मोदी सरकार ने लगातार पंजाब विरोधी फैसले लागू किए हैं। लेकिन केंद्र के इन पंजाब विरोधी फैसलोंं के खिलाफ मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह, कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींडसा ने एक शब्द नहीं कहा। अब जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है तो इन पारंपरिक पार्टियों के नेता फिर से राज्य और आप के खिलाफ साजिश रचने के लिए एकजुट हो गए हैं।
चीमा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री चन्नी ने अमित शाह से मिलकर पंजाब के किसी भी मुद्दे के हल करवाया है तो उसे जनता के बीच सार्वजनिक करना चाहिए,क्योंकि इस से पहले मुख्यमंत्री चन्नी ने अमित शाह के साथ हुई मुलाकात में आधा पंजाब केंद्र सरकार को सौंप दिया था। जिसके बाद बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा से लेकर 50 किलोमीटर तक पंजाब को अपने कब्जे में ले लिया है। चीमा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कहने पर केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्यमंत्री चन्नी समेत कैप्टन अमरिंदर सिंह पर दबाव बनाया हुआ है। इसलिए ये नेता खुद को बचाने के लिए मोदी सरकार के पंजाब विरोधी फैसलों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल का मकसद पंजाब में अपनी सत्ता को बरकरार रखना है, इसलिए ये सभी पार्टियां और इनके नेता आप को रोकने के लिए एक हो गए है। लेकिन पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में एकतरफा मतदान कर सभी पार्टियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है, जिसकी पुष्टि चुनावी सर्वेक्षण भी कर रहे हैं। चीमा ने कहा कि 10 मार्च को आने वाले नतीजे और भी चौंकाने वाले होंगे, दिल्ली की तरह पंजाब में आप की सरकार बनेगी।

More Stories
मान सरकार ने 1,325 करोड़ रुपये खर्च कर किसानों को उपलब्ध करवाईं 94,456 फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें: गुरमीत सिंह खुड्डियां
हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026,भारत बड़ी जीत के साथ फाइनल में पहुंचा सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराया
स्पीकर संधवां ने पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत गांव हरी नौं के निवासियों को संपत्ति के मालिकाना हक सौंपे