June 17, 2025

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अश्वनी शर्मा ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेवारियां और सुदृढ़ता से निभाने का किया आह्वान

Share news

जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दलीप सेकिया अपने पंजाब प्रवास के तहत आज चंडीगढ़ पहुँचे, जहाँ उन्होंने सारा दिन भाजपा नेताओं व् कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं। चंडीगढ़ पहुँचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने राष्ट्रिय महासचिव का पुष्प-गुच्छ से स्वागत किया। चंडीगढ़ में हुई बैठकों की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने की। सारा दिन चली इन बैठकों में पहली बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने तथा दूसरी बैठक में प्रदेश भर से आए सभी मोर्चा अध्यक्षों व् उनके महासचिवों, प्रकोष्ठों के संयोजकों तथा उनके सह-संयोजकों ने भाग लिया।

दलीप सेकिया ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए जहाँ चुनाव संबंधी विचार-विमर्श किया वहीँ उनसे सुझाव भी लिए तथा जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। सेकिया ने कहा कि पंजाब में भाजपा बहुत मज़बूत स्थिति में है और कार्यकर्त्ता पहले की तरह मजबूती से निष्काम सेवा भाव से कार्य करते रहें। भाजपा कार्यकर्त्ता संगठन की विचारधारा तथा केंद्र सरकार की जन-कल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा कर पार्टी को और मजबूत करें।

आने वाले समय में भाजपा ही पंजाब में एकमात्र विकल्प है क्यूंकि जनता ने सभी राजनीतिक पार्टियों का शासन देख व् परख लिया है। देश की जनता ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के द्वारा देश हित्त तथा जन-कल्याण के लिए किए गए कार्यों पर अपनी विश्वसनीयता जताते हुए दोबारा देश की सत्ता की कमान प्रधानमंत्री मोदी तथा भाजपा सरकार को सौंपी है। पंजाब में आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को विकल्प में रूप में देख रही है। निकाय चुनाव में भी भाजपा को बहुमत मिलना तय है क्यूंकि जनता आप सरकार के खोखले चुनावी वादों का सच जान चुकी है।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद अब तक 40 से अधिक हत्याएं, रोजाना अपराध, गोली-बारी, लूटपाट और डकैती की घटनाएं हो रही हैं। यहाँ तक कि खालिस्तानी तत्वों ने भी अपने पैर पसार लिए हैं। मान सरकार ने प्रदेश में अराजकता और दहशत का माहौल बना दिया है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। भगवंत मान सरकार के विरुद्ध आवाज़ उठाने वाले किसानों तथा सरकारी कर्मचारियों पर लाठीचार्ज हो रहा है।

पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति इतनी बदतर है कि अपराधियों को सरकार या पुलिस का कोई डर नहीं है। मान सरकार पंजाब की सुरक्षा करने के मामले सहित अन्य सभी मोर्चों पर भी फेल साबित हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत सरकार द्वारा केंद्र सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांगी 10 कंपनियों की मांग ने जहाँ आप सरकार की नाकामी मान ली है वहीँ पंजाब पुलिस की कार्यशैली भी संदेह के घेरे में ला खड़ी की है। शर्मा ने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेवारियां और सुदृढ़ता से निभाने तथा आप सरकार का झूठ का आईना जनता को दिखाने का आह्वान किया।

जीवन गुप्ता ने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह तैयार है और पंजाब में होने वाले नगर निगम चुनाव तथा संगरूर लोकसभा उप-चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा राष्ट्रिय महासचिव दलीप सेकिया अपने दो दिवसीय प्रवास पर पंजाब आए हैं।

बीते कल दलीप सेकिया ने संगरूर-1 तथा संगरूर-2 में संगठनात्मक बैठकें कर जहाँ संगठनात्मक ढांचे का निरिक्षण किया वहीँ आगामी संगरूर लोकसभा उप-चुनाव की तैयारियों संबंधी जायजा लिया तथा कार्यकर्ताओं से बैठकें कर जहाँ उनका मार्गदर्शन किया वहीँ जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर डॉ. सुभाष शर्मा, राजेश बागा, गुरदेव शर्मा देबी, अनिल सरीन, रीना जेटली, सुखवंत सिंह धनौला, प्रवीन बंसल, श्रीमति उमेश शाकर, बिक्रमजीत सिंह चीमा, मोना जैसवाल, जनार्दन शर्मा आदि उपस्थित थे।


Share news