February 25, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

Share news

जालंधर ब्रीज: अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(सामान्य)-कम-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी होशियारपुर राहुल चाबा ने आज विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 1 जनवरी 2025 की योग्यता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन संबंधी प्रोग्राम भेजा गया है। उन्होंने बताया कि भेजे गए प्रोग्राम के अनुसार दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 29 अक्टूबर 2024 से 28 नवंबर 2024 तक, संशोधन के दौरान लक्ष्य प्राप्त करने के लिए स्वीप गतिविधियां 29 अक्टूबर 2024 से 28 नवंबर 2024 तक, विशेष अभियान 9 नवंबर 2024 (शनिवार), 10 नवंबर 2024 (रविवार), 23 नवंबर 2024 (शनिवार), 24 नवंबर 2024 (रविवार), दावे और आपत्तियों का निस्तारण 29 अक्टूबर 2024 से 24 दिसंबर 2024 तक व अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को होगा।

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के अंतर्गत 9, 10, 23, और 24 नवंबर 2024 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सभी योग्य नागरिक पोलिंग स्टेशनों पर बैठे बी.एल.ओज के पास अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों और सचिवों से अपील की कि वे अपने-अपने पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों की सहायता के लिए बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके सभी पात्र नागरिक अपने नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फार्म नंबर 6 भर सकते हैं। मतदाता सूची में किसी नाम पर आपत्ति दर्ज करने के लिए फार्म नंबर 7 और किसी प्रकार की सुधार के लिए फार्म नंबर 8 का उपयोग किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन भी वोटर हेल्पलाइन एप या एन.वी.एस.पी. पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी रजिस्ट्रेशन अधिकारियों का विवरण और मतदाता व पोलिंग बूथों से संबंधित जानकारी भी दी गई।

राहुल चाबा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि 1 जनवरी 2025 की योग्यता तिथि के आधार पर इस विशेष संशोधन अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिकतम पात्र नागरिक इस अवसर का लाभ उठा सकें। इस मौके पर तहसीलदार चुनाव सर्बजीत सिंह के अलावा सी.पी.आई(एम) से गुरमेश सिंह, आम आदमी पार्टी से जय राम, भारतीय जनता पार्टी से भूषण शर्मा, इंडियन नेशनल कांग्रेस से रजनीश टंडन भी मौजूद थे।


Share news