June 14, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

गांव ढुड्डीके खेल स्टेडियम में लगेगी हॉलैंड की एस्ट्रोटर्फ – राणा गुरमीत सिंह सोढी

Share news

जालंधर ब्रीज: देश की आजादी में अहम योगदान देने वाले गाँव ढुड्डीके के नौजवान अब खेल के क्षेत्र में भी देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाएंगे। पंजाब सरकार द्वारा इस गाँव की ऐतिहासिक महत्ता को बरकरार रखने के लिए यहाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम तैयार किया जा रहा है। यह एस्ट्रोटर्फ हॉलैंड की प्रसिद्ध कंपनी ग्रीन फील्ड द्वारा स्थापित की जायेगी। इस प्रोजैक्ट का नींव पत्थर आज पंजाब के खेल और युवक सेवाएं विभाग के मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी द्वारा रखा गया। इस मौके पर मोगा के विधायक डॉक्टर हरजोत कमल, पूर्व विधायक श्रीमती राजविन्दर कौर भागीके, डिप्टी कमिश्नर श्री सन्दीप हंस, एस डी एम स. सतवंत सिंह, जिला परिषद मैंबर स. जगरूप सिंह तखतूपुरा, जिला खेल अफसर स. बलवंत सिंह, स. रणजीत सिंह धन्ना, सरपंच स. जसवीर सिंह, हॉकी प्रशिक्षक स. कुलवंत सिंह पन्नू और अन्य भी उपस्थित थे।


संक्षिप्त समागम को संबोधन करते हुए राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि गाँव ढुड्डीके में 5 करोड़ रुपए की लागत से लगने वाली यह एस्ट्रोटर्फ अगले 7 महीने में मुकम्मल कर ली जायेगी। खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने के लिए अंतरराष्ट्रीय कद वाला प्रशिक्षक भी नियुक्त किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पंजाब में फिरोजपुर, गुरदासपुर और जालंधर में भी एस्ट्रोटर्फ बिछाईं जा रही हैं। इसके अलावा 4 सिंथेटिक टर्फ भी लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह कई महीने पहले गाँव ढुड्डीके आए थे तो देखा कि इस खेल मैदान के हालात बहुत बुरे थे। जिस कारण उन्होंने उसी दिन इसकी कायाकल्प करने का सोच लिया था।


उन्होंने कहा कि यह प्रोजैक्ट पिछले लंबे समय से लटका हुआ था, जोकि अब युद्ध स्तर पर पूरा करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के नौजवानों में खेल के प्रति लगाव तो है परन्तु साधन नहीं थे। अब यह एस्ट्रोटर्फ चालू होने से जिला मोगा के नौजवानों को बहुत लाभ मिलेगा और उनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने हलका मोगा के विधायक डॉक्टर हरजोत कमल की माँग पर ऐलान किया कि शहर मोगा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल बनाया जायेगा। उन्होंने भरोसा दिया कि मोगा में पहले ही मौजूद इन्डोर स्टेडियम चालू किया जायेगा, जिसके लिए गमाडा को कहा गया है।


पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर स. सोढी ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस महामारी के कारण खेल विंग अस्थायी तौर पर बंद किये गए थे, जिनको हालात ठीक होने पर तुरंत चालू कर दिया जायेगा। विंगों में प्रशिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में खेल और खिलाडिय़ों का स्तर ऊँचा उठाने के लिए कई प्रयास किये हैं, जिसमें नयी खेल नीति, नकद इनाम, महाराज रणजीत सिंह अवार्ड को फिर से चालू करने के साथ-साथ खिलाडिय़ों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण देना शामिल है। उन्होंने कहा कि पहली बार टोकियो ओलम्पिक्स में पंजाब के सबसे अधिक खिलाड़ी देश की नुमायंदगी करेंगे। उन्होंने दावे के साथ कहा कि जिला मोगा की धरती जल्द ही ओलम्पिक स्तर के खिलाड़ी पैदा करने लगेगी। डिप्टी कमिश्नर श्री सन्दीप हंस ने मुख्य मेहमान और अन्य प्रमुख हस्तियों का इस प्रोजैक्ट के लिए धन्यवाद किया।


Share news

You may have missed