November 16, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

आपदा प्रबंधन में जागरूकता, चेतावनी, तैयारी और स्वास्थ्य सेवाओं की अहम भूमिका – डॉ. संजय

Share news

जालंधर ब्रीज:  देहरादून! अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर शैली द्वारा लिखित महत्वपूर्ण पुस्तक ‘केदारनाथ: ए डॉक्टर्स डायरी’ का विमोचन 12 नवंबर 2026 को देहरादून स्थित दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर में किया गया। केदारनाथ आपदा केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के इतिहास की एक बड़ी मानवीय त्रासदी है। इससे सीख लेते हुए भविष्य में ऐसी आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए वैज्ञानिक योजना, समय पर मौसम संबंधी चेतावनी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रभावी जनभागीदारी को प्राथमिकता देनी होगी।

यह विचार पद्मश्री सम्मानित एवं अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय ने देहरादून में डॉ. सुधीर शैली की पुस्तक ‘केदारनाथ: ए डॉक्टर्स डायरी’ के विमोचन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान मौसम की स्थिति की नियमित एवं स्थान-विशिष्ट जानकारी मौसम विभाग के समन्वय से टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों तथा संबंधित एजेंसियों तक पहुँचनी चाहिए। उन्होंने यात्रा मार्गों की भौगोलिक क्षमता के अनुसार प्रतिदिन यात्रियों की संख्या निर्धारित करने, ऑनलाइन पंजीकरण को प्रभावी नियमन से जोड़ने तथा समयबद्ध यातायात व्यवस्था लागू करने पर बल दिया।

डॉ. संजय ने कहा कि आपदा प्रबंधन में स्वास्थ्य सेवाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। चारधाम मार्गों पर पर्याप्त चिकित्सा केंद्र, प्रशिक्षित चिकित्सक, ऑक्सीजन, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयाँ और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होनी चाहिए। दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों को भी समुचित संसाधन एवं प्रशासनिक सहयोग मिलना आवश्यक है। उन्होंने जागरूकता को आपदा प्रबंधन की पहली सीढ़ी बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और स्वयंसेवकों को मौसम संबंधी खतरों, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। जागरूकता और समय पर सही निर्णय अनेक अनमोल जीवन बचा सकते हैं। उन्होंने अपने 7D दृष्टिकोण—डॉक्यूमेंट, डिस्प्ले, डेमोंस्ट्रेट, डिसेमिनेट, डायलॉग, डिसीजन और डिलीवरी—का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुभवों का दस्तावेजीकरण तभी सार्थक है, जब उनसे सीख लेकर ठोस निर्णय और प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डॉ. सुधीर शैली को इस महत्वपूर्ण पुस्तक के लिए बधाई देते हुए कहा कि केदारनाथ त्रासदी को केवल इतिहास की पीड़ा नहीं, बल्कि भविष्य की बेहतर तैयारी का स्थायी सबक बनाना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुधा रानी पांडेय, पूर्व कुलपति, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गीता खन्ना उपस्थित रहीं। पुस्तक के लेखक डॉ. सुधीर शैली के साथ विशिष्ट अतिथियों में प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय, वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं साहित्यकार, अनिल रतूड़ी, पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ साहित्यकार तथा डॉ. हरीश कोहली, वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ शामिल रहे। उपस्थित गणमान्य अतिथियों में आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डी. डी. चौधरी, डॉ. आलोक अहुजा, डॉ. मयंक जैन एवं डॉ. कला सहित चिकित्सा जगत के अनेक गणमान्य सदस्य, अतिथिगण एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती मिश्रा ने किया।


Share news