November 16, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

सीबीआई ने महादेव ऐप मामले में 6 राज्यों में 33 स्थानों पर तलाशी ली

Share news

जालंधर ब्रीज: केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले कुछ दिनों के दौरान, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप नामक अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के पैनल संचालकों के परिसरों पर 6 राज्यों में 33 स्थानों पर तलाशी ली है। ये तलाशी, प्लेटफॉर्म के प्रमुख प्रवर्तकों में से एक और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर द्वारा सल्तनत-ए-ओमान से प्रत्यर्पण के बाद किए गए खुलासों के आधार पर ली गईं।

तलाशी के दौरान, सट्टेबाजी एवं जुआ खेलने के सक्रिय पैनल संचालित पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया। तलाशी में म्यूल खातों (दूसरों के नाम पर संचालित बैंक खातों) तथा हवाला नेटवर्क के उपयोग को दर्शाने वाले डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद एवं जब्त किए गए।

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने दिनांक 01.11.2026 को गिरफ्तार किया था। माननीय विशेष न्यायाधीश (सीबीआई मामले), रायपुर ने उसे सीबीआई की 8 दिन की पुलिस हिरासत में सौंपने का आदेश दिया था। उससे पूछताछ में प्लेटफॉर्म के संचालन तथा भारत में इसके पैनल संचालकों के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। अन्वेषण के दौरान एकत्र किए गए दस्तावेजी एवं डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में भी उससे पूछताछ की गई।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से स्थानांतरित किए जाने के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। अब तक किए गए अन्वेषण से पता चला है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक मुख्य कार्यालय के माध्यम से संचालित किया जाता है तथा भारत में पैनल संचालकों के एक बड़े नेटवर्क के जरिए काम करता है। ये संचालक ग्राहकों की आईडी संभालते हैं, अन्य व्यक्तियों के नाम पर विशेष रूप से खोले गए अथवा किराये पर लिए गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की धनराशि जमा करते हैं तथा हवाला माध्यमों से लाभ की राशि विदेश भेजते हैं।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर, सौरभ चंद्राकर को दिनांक 12.11.2026 को माननीय विशेष न्यायाधीश (सीबीआई मामले), रायपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे दिनांक 19.11.2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अन्य आरोपियों, जिनमें विदेश में स्थित आरोपी भी शामिल हैं, इस अवैध गतिविधि के संचालन में सहायता करने वाले व्यक्तियों तथा संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की जांच की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों के प्रत्यर्पण के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

आम जनता को सचेत किया जाता है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं जुआ खेलना अवैध है। ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड अथवा पहचान संबंधी दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को उधार देना या किराये पर उपलब्ध कराना भी एक आपराधिक कृत्य है तथा इससे खाताधारक के विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई हो सकती है।


Share news