November 9, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

बड़ी राहत:जे.सी.टी लिमिटेड के पूर्व कर्मचारियों के पीएफ खातों में अगले 7 दिनों में आएगा पैसा-पंकज कुमार

Share news

जालंधर ब्रीज: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, जालंधर के क्षेत्रीय कमिश्नर पंकज कुमार ने मैसर्स जे.सी.टी. लिमिटेड, फगवाड़ा और मैसर्स जे.सी.टी. लिमिटेड (फिलामेंट यूनिट), होशियारपुर के पूर्व कर्मचारियों और पीएफ सदस्यों के साथ हुई बैठकों और चर्चाओं के दौरान उनकी सभी चिंताओं को दूर किया है। कर्मचारियों के मन में यह सवाल था कि क्या उन्हें उनका पीएफ का पैसा मिल पाएगा या नहीं, जिस पर पंकज कुमार ने सभी को पूरी तरह आश्वस्त किया है कि ईपीएफओ, क्षेत्रीय कार्यालय, जालंधर इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पूर्व कर्मचारियों का एक-एक रुपया निश्चित रूप से वापस मिलेगा। 

क्षेत्रीय कमिश्नर पंकज कुमार ने फगवाड़ा यूनिट के संदर्भ में ताजा जानकारी देते हुए कहा कि कार्यालय के अथक प्रयासों के बाद अब तक पूर्व कर्मचारियों के पीएफ खातों में कुल 17.73 करोड़ रुपये की राशि सफलतापूर्वक क्रेडिट कर दी गई है। दिसंबर 2022 तक के पीएफ अंशदान और वर्ष 2022-23 तक के ब्याज को मिलाकर कुल देय राशि 64.38 करोड़ रुपये है। इसमें से 17.73 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं, जबकि बची हुई 46.65 करोड़ रुपये की शेष राशि को अगले 7 दिनों के भीतर सभी पूर्व कर्मचारियों के खातों में क्रेडिट कर दिया जाएगा, जो जल्द ही उनके खातों में दिखने भी लगेगी। 

पंकज कुमार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस 64.38 करोड़ रुपये में जनवरी 2023 से मार्च 2025 तक का पीएफ अंशदान और वर्ष 2023-24, 2024-25 व 2025-26 का ब्याज शामिल नहीं है।

रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल (आर.पी.) उमेश गर्ग द्वारा वर्ष 2025-26 का ब्याज देने से मना करने के बावजूद, इस कार्यालय ने 08/10/2026 के पत्र के माध्यम से उक्त देय राशि का दावा कर दिया है। संस्थान या आर.पी. द्वारा जैसे ही वैध दस्तावेजों के साथ राशि जमा कराई जाएगी, उसे भी सदस्यों के खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। 

इसके साथ ही, मैसर्स जे.सी.टी. लिमिटेड (फिलामेंट यूनिट), होशियारपुर के सभी पूर्व कर्मचारियों और पीएफ सदस्यों के लिए भी बेहद राहत भरी खबर है कि उनके खातों में देय पीएफ राशि क्रेडिट करने की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है। इसे भी आगामी 7 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा और देय राशि उनके खातों में सफलतापूर्वक क्रेडिट कर दी जाएगी।


Share news